जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : जिला कांग्रेस कमेटी ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती व भारत की प्रथम महिला प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की पुण्य तिथि पर उनके योगदान को याद किया। कहा कि समाज हित में दिए गए महापुरुषों के योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता।
शुक्रवार को पार्टी कार्यालय में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सरदार वल्लभ भाई पटेल व इंदिरा गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। वक्ताओं ने कहा कि 31 अक्टूबर को गुजरात के नडियाद में सरदार वल्लभ भाई पटेल का जन्म हुआ था। उन्होंने आजादी के बाद देश की एकता और अखंडता को बनाए रखने के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया। छोड़ी-बड़ी रियासतों का भारत में विलय करने में भी उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा। इस दौरान वक्ताओं ने इंदिरा गांधी के योगदान को भी याद किया। कहा कि देश हित में दिए गए इंदिरा गांधी के योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। 31 अक्टूबर 1984 को उनके ही अंगरक्षक ने अलगाववाद की भावना से प्रेरित होकर उनकी हत्या कर दी थी। बताया कि वर्ष 1971 में भारत-पाक युद्ध के दौरान कुशल नेतृत्व करते हुए उन्होंने पाक को घुटने टेकने के लिए मजबूर कर दिया था। इस मौके पर जिलाध्यक्ष विनोद डबराल, रंजना रावत, रमेश चंद्र खंतवाल, श्रीधर प्रसाद, केशर सिंह चौहान, लक्ष्मी चौहान, रणवीर सिंह, विनोद नेगी, गोकुल सिंह, दलीप सिंह रावत, वीरेंद्र सिंह रावत, राजेश कुमार आदि मौजूद रहे।