काशीराम को जयंती पर किया याद

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : शैलशिल्पी विकास संगठन की ओर से बहुजन समाज पार्टी के संस्थापक काशीराम की जयंती पर उन्हें याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की गई। संगठन के सदस्यों ने उनके आदर्शों को अपने जीवन में उतारने का संकल्प लिया।
सिमलचौड़ स्थित कर्मवीर जयानन्द भारतीय स्मृति पुस्तकालय में आयोजित कार्यक्रम में संगठन के सभी सदस्यों की ओर से काशीराम के चित्र पर पुष्प अर्पित किए गए। संगठन के संयोजक विकास कुमार आर्य ने कहा कि बहुजन नायक काशीराम ने भारतीय राजनीति और समाज में एक बड़ा परिवर्तन लाने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने दलितों के उत्थान के लिए बाबा साहेब आंबेडकर के जन्मदिन 14 अप्रैल 1984 को बहुजन समाज पार्टी की स्थापना की। समाजसेवी सुरेंद्र लाल आर्य ने कहा कि बहुजन नेता काशीराम ने दबे-कुचले, शोषित, पीड़ित व वंचितों की आवाज बनकर उन्हें लोकतांत्रिक ताकत प्रदान करवाकर क्रांतिकारी कार्य किया। जयदेव सिंह ने कहा कि बहुजन समाज को एक संगठित इकाई में एकजुट रहते हुए राजनीतिक रूप से मजबूत होने की जरूरत है। इस अवसर पर शिवकुमार, सूरवीर खेतवाल, प्रताप सिंह, सुभाष चंद्र आर्य, राजेंद्र कुमार, हरीश चंद्र, उज्जवल खेतवाल, सतेंद्र खेतवाल, इंद्र कुमार, अरविंद कुमार आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *