हरिद्वार। एंटक एवं सीपीआई के कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को भगत सिंह चौक पर एकत्रित होकर शहीदे आजम भगत सिंह, राजगुरु, सुखदेव को याद करते हुए उन्हें श्रद्घांजलि अर्पित की। देश के लिए उनके महान योगदान को याद किया। उत्तराखंड एंटक के अध्यक्ष एमएस त्यागी ने कहा कि भगत सिंह की सोच थी कि क्रांतिकारी आंदोलन आजादी मिलने के बाद भी खत्म नहीं होगा। वह तब तक चलता रहेगा जब तक इंसान का इंसान द्वारा शोषण करने वाली व्यवस्थाओं का अंत नहीं हो जाता। एंटक (हीप) के महामंत्री संजीव चौधरी ने कहा कि भगत सिंह का मानना था कि समाज का कल्याण समाजवाद के आधार पर ही किया जा सकता है। एंटक (हीप) के अध्यक्ष मनमोहन कुमार ने कहा कि भगत सिंह के त्याग और साहस को कभी नहीं भुलाया जा सकता है। सौरभ त्यागी ने कहा कि भगत सिंह अन्याय पर आधारित व्यवस्था को बदलना चाहते थे। वह मजदूरों एवं शोषितों को उनका हक दिलाने के पक्षधर थे। इंटक यूनियन का मानना है कि आज केंद्र सरकार किसान एवं मजदूरों को फिर से बेड़ियों में जकड़ना चाहती है। बैंक, बीमा, रेल, भेल आदि सार्वजनिक क्षेत्रों को निजी हाथों में सौंपने का कार्य सरकार द्वारा किया जा रहा है। इस अवसर पर अमृत रंजन, गोपाल शर्मा, अजीत सिंह, एके दास, संकल्प त्यागी, दीपक कुमार, गजेंद्र कुमार, मांगेराम यादव, परमाल सिंह, विकास चौधरी, सुरेंद्र कुमार, सुभाष त्यागी, चिरंजीवी कुमार, सतीश कुमार, इंद्रपाल वर्मा, विक्रम नेगी आदि मौजूद थे।