अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया , सवा सौ से अधिक अतिक्रमण टूटे

Spread the love

काशीपुर। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत नगर निगम काशीपुर और प्रशासन की टीम ने शहर में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। प्रशासन ने करीब 125 अतिक्रमण तोड़े। इसके अलावा बाहर फैला सामान भी जब्त कर लिया। इस दौरान पुलिस को हल्के विरोध का भी सामना करना पड़ा। बुधवार को हाईकोर्ट के आदेश के बाद हरकत में आए प्रशासन और नगर निगम की टीम ने एसडीएम अभय प्रताप सिंह और नगर आयुक्त विवेक राय की अगुवाई में मुख्य बाजार में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया। यह अभियान नगर निगम रोड, किला बाजार, मुंशीराम चौराहा, मुल्तानी मोड़, रतन सिनेमा रोड, सत्येंद्र चंद्र गुड़िया मार्ग से होते हुए वापस महाराणा प्रताप चौक तक चला। अभियान के दौरान दुकान के आगे नालियों से बाहर निकल रहे अतिक्रमण को हटा दिया गया। निगम ने दुकानों के बोर्ड समेत अन्य अतिक्रमण को अपने कब्जे में ले लिया। अतिक्रमण के खिलाफ चले अभियान से व्यापारियों में हड़कंप है। सूचना पर मौके पर व्यापार मंडल पदाधिकारी भी पहुंच गये। उन्होंने प्रशासन से अवैध अतिक्रमण को ही हटाने की मांग की। अधिकतर व्यापारियों ने पूर्व में ही अतिक्रमण को हटा दिया था। वहीं पुलिस प्रशासन ने करीब सप्ताहभर पूर्व स्व। सत्येंद्र चन्द्र गुड़िया व चीमा चौराहे से अतिक्रमण हटाया जा चुका है। नगर आयुक्त विवेक राय ने बताया कि दुकान के आगे लोगों ने तीन-तीन फीट तक जाल लगा रखे थे। इससे नालियां ढक गई थीं। पुल के सामने अवैध रूप से स्लैब बनी हुई थी। अभियान के दौरान अवैध अतिक्रमण तोड़ा गया है। इस दौरान एसएनए आलोक उनियाल, नायब तहसीलदार भुवन चन्द्र आर्य, सीओ वीर सिंह, एसएसआई प्रदीप मिश्रा आदि मौजूद रहे।
एक स्थान पर लगने वाली ठेलियां हटाईं- गर आयुक्त विवेक राय ने बताया कि निगम जिन दुकानदारों से तहबाजारी शुल्क वसूलता है उन्हें भी हटाया गया है। निगम ने साफ कर दिया है कि तहबाजारी शुल्क चलती फिरती दुकानों से वसूला जाता है। कोई भी तहबाजारी देने वाला एक स्थान पर खड़े होकर व्यापाार नहीं कर सकता। ऐसे दुकानों को हटाया गया है। अवैध होर्डिंग वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है।
दुकानों के आगे तीन-तीन फीट तक लगाया गया लोहे का जाल काटा गया है। अवैध होर्डिंग हटाए गए हैं। दुकानदारों को हिदायत दी गई है कि अतिक्रमण न करें। यह अभियान भविष्य में भी जारी रहेगा।
-विवेक राय, नगर आयुक्त काशीपुर।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *