रुद्रप्रयाग : केदारनाथ यात्रा को लेकर ऊखीमठ में हुई अहम बैठक में 15 अप्रैल तक सड़क और पैदल मार्ग पूरी तरह दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए। बैठक की अध्यक्षता विधायक आशा नौटियाल ने की। विधायक ने कहा कि इस बार बढ़ती श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए व्यवस्थाएं और मजबूत करनी होंगी। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों और होटल व्यवसायियों से सुझाव लिए और पिछली यात्रा का फीडबैक भी लिया। उन्होंने मेडिकल कैंप, एंबुलेंस और डॉक्टरों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सड़क, बिजली, पानी, साफ-सफाई और कचरा प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। पंजीकरण और ट्रैकिंग सिस्टम मजबूत करने के भी निर्देश दिए गए। प्रशासन ने ईंधन, खाद्यान्न और गैस सिलेंडर की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। घोड़ा-खच्चर संचालन, स्वास्थ्य परीक्षण और पंजीकरण को लेकर भी दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर समेत कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। ब्लॉक प्रमुख पंकज शुक्ला, सीडीओ राजेंद्र सिंह रावत, एडीएम श्याम सिंह राणा सहित विभिन्न विभागों और व्यापार संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। (एजेंसी)