नई टिहरी(। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) नई टिहरी में छात्रों के बने छात्रावास के दोनों ब्लॉकों का मरम्मत कार्य शुरु हो गया है। छात्रावास की हालत खस्ताहाल होने से गत पांच वर्षों से संस्थान में तकनीकी शिक्षा की पढ़ाई कर रहे छात्र इस सुविधा से वंचित हैं। जिले के सबसे बड़े आईटीआई में बना छात्रावास खस्ताहाल स्थिति में होने से संस्थान ने हॉस्टल के दोनों ब्लॉकों को बंद कर दिया था। इससे छात्र निजी घरों में भारी-भरकम किराये देकर रहने को मजबूर थे। साथ ही संस्थान में संचालित कई ट्रेडों में सीटें खाली रह जाती हैं। अब दोनों ब्लॉकों की मरम्मत होने के बाद संस्थान में छात्रों की संख्या में बढ़ोतरी होने की उम्मीद है। गत माह शासन से करीब 18 लाख की धनराशि मिलने के बाद संस्थान ने कार्यदायी संस्था सिंचाई विभाग की मद्द से मरम्मत कार्य शुरू कर दिया है। संस्थान में तकनीकी शिक्षा की पढ़ाई कर रहे छात्र हेमराज, मिलन सिंह, प्रियांशु ने बताया कि छात्रावास सुविधा न मिलने पर उन्होंने किराये के कमरे में रहने को मजबूर हैं। मरम्मत होने के बाद वह छात्रावास में रहेंगे। संस्थान में वर्तमान में 12 ट्रेड संचालित होते हैं, कई ट्रेडों में सीटें खाली पड़ी हैं।
इनका क्या है,कहना..
18 लाख की लागत से मरम्मत का कार्य शुरू करवा दिया गया है। प्रथम चरण में शौचालय, खिड़की, दरवाजे, छत आदि की मरम्मत की जा रही है। इसके बाद रंगाई-पुताई आदि कार्य करवाएं जाएगा। अगले सत्र से संस्थान में पढ़ाने वाले छात्रों को हॉस्टल की सुविधा मिलने लगेंगी। – पल्लवी, प्रधानाचार्य, आईटीआई नई टिहरी।