पर्याप्त शिक्षक न होने से अभिभावकों में आक्रोश

Spread the love

पिथौरागढ़। कनारीपाभै जूनियर हाईस्कूल में पर्याप्त शिक्षक न होने से अभिभावकों में आक्रोश है। अभिभावकों का कहना है कि शिक्षकों की कमी के चलते छात्र-छात्राओं की पढ़ाई बाधित हो रही है। बीते चार सालों से विद्यालय दो शिक्षकों के भरोसे संचालित हो रहा है। कनारीपाभै के लोग एसएमसी अध्यक्ष ललित सिंह के नेतृत्व में जिला शिक्षा अधिकारी बेसिक एसपी सेमवाल से मिले। इस दौरान उन्होंने कहा कि विद्यालय में शिक्षकों की भारी कमी है। उस पर एक शिक्षिका बीते चार साल से दूसरे विद्यालय में अटैच है। जबकि शासनस्तर से अटैचमेंट पर रोक लगी हुई है। उन्होंने कहा कि विद्यालय में पर्याप्त शिक्षक न होने से लगातार छात्रसंख्या कम हो रही है। बच्चों के भविष्य को देखते हुए अभिभावक अपने बच्चों का निजी स्कूल में प्रवेश करा रहे हैं। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी बेसिक से दूसरे विद्यालय में अटैच शिक्षिका को जल्द से जल्द कनारीपाभै जूनियर हाईस्कूल में तैनात करने की मांग की है। कहा कि अगर शिक्षिका को विद्यालय में तैनात नहीं किया गया तो वे उग्र आंदोलन करेंगे। इधर डीईओ बेसिक एसपी सेमवाल का कहना है कि अटैचमेंट में कार्यरत शिक्षिका को जल्द ही उनके मूल तैनाती विद्यालय में भेजा जाएगा। यहां प्रकाश तिरुवा, गौतम तिरुवा, उमेद सिंह, सुनीता देवी, रीता देवी, रेखा देवी, अनीता देवी, कमला देवी आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *