भाबर क्षेत्र में पेयजल संकट, लोगों में आक्रोश

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
भाबर : भाबर क्षेत्र के अंतर्गत मवाकोट व दुर्गापुरी में पेयजल आपूर्ति बाधित होने से क्षेत्रवासियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्रीय लोग संबंधित विभाग से उक्त समस्या के संबंध में शिकायत भी कर चुके हैं, लेकिन उसके बाद भी समस्या का स्थायी समाधान न होने से लोगों में रोष व्याप्त है।
क्षेत्रवासी मुन्नी देवी, सरोज देवी, पुष्पा देवी ने बताया कि उनके क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति ठप होने से दिनचर्या प्रभावित होने लगी है। कहा कि गर्मी शुरू होते ही दुर्गापुरी क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति करने वाला नलकूप खराब होने लगता है। दरअसल, नलकूप में लगी मोटर वर्षों पुरानी है, जिससे समस्या उत्पन्न हो रही है। पुरानी मोटर की जगह नई मोटर लगवाने के लिए क्षेत्रवासी कई बार जल संस्था को पत्र दे चुके हैं, लेकिन अब तक इस ओर ध्यान नहीं दिया गया।
वहीं, मवाकोट क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति के लिए बना नलकूप दो दिन पूर्व खराब हो गया था। मवाकोट निवासी सुदर्शन सिंह ने बताया कि शिकायत के बाद जल संस्थान की ओर से क्षेत्र में पेयजल टैंक तो भेजा जा रहा है, लेकिन उससे सभी परिवारों को पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है। उधर, जल संस्थान के अधिशासी अभियंता संतोष कुमार उपाध्याय ने बताया कि दोनों स्थानों पर अन्य नलकूपों से पेयजल आपूर्ति की जा रही है। बताया कि नलकूप सिंचाई विभाग के हैं व संबंधित अधिकारियों को नलकूपों की मरम्मत के लिए कहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *