पैठाणी महाविद्यालय में रोपे पौधे, लिया संरक्षण का संकल्प

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : राजकीय व्यावसायिक महाविद्यालय बनास पैठाणी की नमामि गंगे इकाई द्वारा हरेला पखवाड़ा के तहत एक पेड़ मां के नाम थीम के साथ बृहद रूप से पौध रोपण अभियान चलाया गया। इस दौरान प्राचार्य, प्राध्यापक एवं छात्र-छात्राओं ने पीपल, तुलसी, बांज, काफल, बुरांश, आंवला, रीठा, जामुन, गुड़हल, पय्या, देवदार, कनेर, स्नेक कैक्टस आदि पौधे रोपकर उनके संरक्षण का संकल्प लिया।
इस मौके पर प्राचार्य डा. विजय कुमार अग्रवाल ने एक पेड़ मां के नाम रोपित करके उसे गोद लिया। महाविद्यालय के मीडिया प्रभारी एवं वनस्पति विशेषज्ञा डा. प्रकाश फोंदणी ने कहा कि आज ग्लोबल वार्मिग के दौर में हरेला जैसा महत्वपूर्ण पर्व जैवविविधता संरक्षण एवं हरित क्रांति का प्रतीक है। नमामि गंगे के नोडल अधिकारी डा. खिलाप सिंह ने कहा कि आज हरेला पखवाड़ा के तृतीय दिवस में पौध रोपण कार्य करके हमें यह संकल्प लेना है कि पेड़ लगाओ, जल बचाओ और जीवन खुशहाल बनाओ जिससे हम पर्यावरण संरक्षित कर निर्मल एवं अविरल गंगा का सपना साकार कर सके। इस मौके पर डा. कुमार गौरव जैन, डा. दिनेश रावत, डा. कल्पना रावत, डा. पुनीत चंद्र वर्मा आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *