हुड़दंग मचाने वाला राजस्व उपनिरीक्षक गिरफ्तार

Spread the love

चमोली : त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के सफल संपादन के लिए परगना मजिस्ट्रेट तथा तहसील प्रशासन द्वारा मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान राजकीय प्राथमिक विद्यालय छेकुड़ा मतदान केंद्र में एक व्यक्ति द्वारा मतदान प्रक्रिया को बाधित करने का प्रयास किया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार नारायण बगड़ विकासखंड के अंतर्गत ग्राम देवली निवासी देवा नंद जोशी (उम्र 35 वर्ष) राजस्व उपनिरीक्षक क्षेत्र छेकुड़ा तहसील नारायणबगड़, शराब के नशे में मतदान केंद्र परिसर में हुड़दंग मचा रहा था। डीडीआरएफ के जवान हरेंद्र सिंह द्वारा उसे समझाने का प्रयास किया गया, तो उसने जवान के साथ गाली-गलौज और हाथापाई शुरू कर दी। मौके की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। घटना की पुष्टि करते हुए उपजिलाधिकारी थराली पंकज भट्ट ने बताया कि आरोपी को नियमित पुलिस नारायणबगड़ के सुपुर्द कर दिया गया है तथा उसके विरुद्ध सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष कराने के लिए प्रशासन कृतसंकल्प है और किसी भी प्रकार के विघ्न को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस मौके पर तहसीलदार नारायणबगड़ दिगम्बर सिंह नेगी, राजस्व निरीक्षक जगदीश चंद्र ओलिया, राजस्व उपनिरीक्षक रोबिट सिद्दीकी, विजय कुमार, जयवीर सिंह, डीडीआरएफ जवान हरेंद्र सिंह सहित अन्य अधिकारी और ग्रामीण मतदाता उपस्थित थे। (एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *