देहरादून(। कांग्रेस के नए घोषित अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने अभी विधिवत चार्ज भी नहीं लिया, उससे पहले ही कांग्रेस में बगावत हो गई है। कांग्रेस के दिग्गज नेता विधायक तिलकराज बेहड़ समर्थक 11 नगर निगम रुद्रपुर के पार्षदों ने इस्तीफा दे दिया है। कांग्रेस अध्यक्ष को 16 नवंबर को देहरादून में विधिवत चार्ज लेना है, लेकिन उससे पहले उनके सामने यूएसनगर की इस बगावत को थामने की चुनौती खड़ी हो गई है। यूएसनगर में जिलाध्यक्ष के पद पर हिमांशु गावा की दोबारा ताजपोशी से विधायक तिलकराज बेहड़ बेहद नाराज हैं। उनके बेटे सौरभ बेहड़ समेत कुल 11 पार्षदों ने कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। इस मामले में बेहड़ पार्टी नेतृत्व से बेहद नाराज हैं। यूएसनगर से कांग्रेस में ये बगावत उस समय हुई है, जब कांग्रेस प्रदेश नेतृत्व में 2027 के विधानसभा को ध्यान में रखते हुए बदलाव किया गया है। ऐसा कर पार्टी को उम्मीद है कि आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी एक नए जोश के साथ कार्यकर्ताओं को साथ लेकर विधानसभा चुनाव में भाजपा को प्रचंड बहुमत से हराएगी। अभी पार्टी के नए नेतृत्व की घोषणा को कुछ घंटे भी न बीते थे कि पार्टी में बगावत हो गई। अध्यक्ष गोदियाल ने गुरुवार को विधायक तिलकराज बेहड़ से बात कर उन्हें मनाने की कोशिश की। कहा कि जल्द इस मसले को सुलझा लिया जाएगा। दूसरी ओर बेहड़ का कहना है कि पिछले दो दशक से एक ही परिवार का यूएसनगर कांग्रेस संगठन पर कब्जा है। 2002 में इसी परिवार ने उनके खिलाफ कांग्रेस से बगावत कर चुनाव लड़ा। तत्कालीन दिवगंत सीएम एनडी तिवारी के खिलाफ अपशब्द कहे गए। इसके बावजूद उसी परिवार से बार बार कभी नगर अध्यक्ष, महानगर अध्यक्ष, प्रदेश महामंत्री, कार्यवाहक जिलाध्यक्ष, जिलाध्यक्ष बना दिया गया। अब एकबार फिर उन्हें ही दोबारा जिलाध्यक्ष बना कर साफ कर दिया है कि यूएसनगर में बाकि कोई भी सक्षम कांग्रेसी नहीं है। अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने फोन पर बात की है। उन्हें सभी परिस्थितियां देखनी हैं। उम्मीद है कि वे जल्द कोई रास्ता निकाल लेंगे। इस मामले में पार्टी में उनकी बात नहीं सुनी गई। आवाज दबाई गई। प्रभारी के सामने भी बात रखी गई थी। जिन लोगों ने पंचायत चुनाव में भाजपा के लिए काम किया, वही जिले में पार्टी के मुखिया बने हुए हैं। तिलकराज बेहड़, विधायक इस प्रकरण का जल्द हल निकाल लिया जाएगा। सभी लोगों की बात सुनी जाएगी। पार्टी को एकजुट रखा जाएगा। विधायक तिलकराज बेहड़ से बात कर ली गई है। उन्हें समझाया गया है। -गणेश गोदियाल, कांग्रेस अध्यक्ष