देहरादून। मसूरी के रिक्शा और बोझा श्रमिकों ने रोजगार की मांग को लेकर पालिका अध्यक्ष से मुलाकात की। मंगलवार को मसूरी पालिका कार्यालय में अध्यक्ष से मुलाकात के दौरान उन्होंने श्रमिकों के पुनर्वास की समस्या को भी रखा। नगर पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी को सौंपे ज्ञापन में श्रमिकों ने कहा कि मसूरी के 121 रिक्शा श्रमिकों को गोल्फ कार्ट के स्थान पर ई रिक्शा दिया जाए। विधवा महिला रिक्शा श्रमिकों को रोजगार हेतु वेंडर जोन में रिक्शा पुनर्वास के तहत दुकानें बनाकर रोजगार दिया जाए। साथ ही जो श्रमिक गोल्फ कार्ट या रिक्शा नहीं लेना चाहते वह असमर्थ हैं, उन्हें दस लाख एक मुश्त धनराशि दी जाए। बाकी रिक्शा श्रमिकों को नगर पालिका की पार्किंग में रोजगार दिया जाए। मजूदर संघ के पूर्व मंत्री गंभीर सिंह पंवार ने कहा कि मालरोड पर व्यावसायिक वाहनों को नगर पालिका से पास न जारी किए जाएं ताकि बोझा श्रमिकों की रोजी रोटी प्रभावित न हो। पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी ने कहा कि पूर्व में भी मजदूर संघ के पदाधिकारियों के साथ बैठक की गई और इस बार सभी मजदूरों के साथ बैठक की गई। इसमें झूलाघर से लंढौर, पिक्चर पैलेस, कैमल बैक रोड, लाइब्रेरी से चमन स्टेट क्षेत्र में गोल्फकार्ट चलाने पर सहमति बनी है। वहीं मालरोड व झूलाघर से कंपनी बाग तक रिक्शा ही चलाये जाएंगें। पालिका मजदूरों को नुकसान नहीं होना देना चाहती। मुलाकात करने वालों में पूर्व मंत्री मजदूर संघ गंभीर पंवार, संपत लाल, हरीश लाल, जयमल, रतन लाल, उत्तम नेगी, रणवीर, कुलदीप सिंह, संदीप लाल, अनिल कुमार, जगदीश लाल, सुंदर लाल, सोबन सिंह पंवार, दलवीर सिंह समेत अन्य मौजूद रहे।