रिंकू शर्मा की हत्या को राजनीतिक रूप देने का प्रयास कर रही बीजेपी: आप
पिथौरागढ़। पिछले दिनों दिल्ली में हुई बजरंग दल कार्यकर्ता रिंकू शर्मा की हत्या को लेकर आम आदमी पार्टी ने भाजपा सरकार को घेरा है। आप के प्रदेश प्रवक्ता सुशील खत्री ने कहा बीजेपी रिंकू शर्मा की हत्या को राजनीतिक रूप देने का प्रयास कर रही है। उनकी हत्या का सभी को गहरा दु:ख है। सच्चे रामभक्त होने के नाते देश के गृह मंत्री को राम का नारा लगाने वालों की सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए। लेकिन भाजपा नेता इस हत्याकांड को राजनीतिक मुद्दे के रूप में भुनाना चाहती है, जो गलत है। आप के प्रदेश प्रवक्ता खत्री ने सोमवार को कहा कि दिल्ली में हुई रिंकु शर्मा की निर्मम हत्या पर आप गहरा दुºख प्रकट करती है। उनकी हत्या सभी रामभक्तों के लिए गहरा आघात है। बावजूद इसके बीजेपी इसे राजनीतिक रूप देने की कोशिश कर रही है। उन्होंने देश के गृह मंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें इस पर गंभीरता से सोचना चाहिए कि राम का नारा लगाने वाले देश में क्या लोग सुरक्षित हैं। कहा दिल्ली में कानून व पुलिस व्यवस्था पर केंद्र सरकार का अधिकार है। यहां के लोगों को सुरक्षा देना केंद्र सरकार का ही काम है। लेकिन वह इस मामले को राजनीतिक मुद्दा बनाकर अपनी जिम्मेदारी से बचने की कोशिश कर रही है, जो गलत है।