वीकेंड पर फिर जाम से जूझा ऋषिकेश

Spread the love

ऋषिकेश। मौसम में फिर से गर्माहट आते ही ऋषिकेश में वीकेंड पर आसपास राज्यों से पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। शनिवार को वीकेंड पर शहर के मुख्य और बाईपास मार्ग पर वाहनों का दबाव बढ़ने से जाम की स्थिति बन गई। सुबह से लेकर शाम तक दोनों मार्गों पर जाम लगने की वजह से पर्यटकों के साथ ही स्थानीय लोगों को आवागमन में काफी परेशानी झेलनी पड़ी। शनिवार सुबह करीब 11 बजे से हरिद्वार बाईपास मार्ग पर स्लो ट्रैफिक की समस्या शुरू हुई। दोपहर 12:30 बजे इंद्रमणि बडोनी चौक पर वाहनों का दबाव बढ़ते ही पर्यटक वाहनों की कतार बाईपास रोड पर योगनगरी ऋषिकेश रेलवे स्टेशन तक लग गई। वाहनों का दबाव बढ़ने पर पुलिसकर्मी ट्रैफिक को नियंत्रित करने के लिए हरकत में आए, मगर संकरी सड़क और चौराहों पर वाहनों की भीड़भाड़ के चलते वह बेबस दिखे। शहर के मुख्य मार्ग पर भी जयराम चौक से चंद्रभागा तिराहे तक यातायात पटरी से उतरा दिखा। दोपहर से लेकर शाम तक स्थिति यह बनी कि घाट चौक, दून तिराहा और चंद्रभागा पुल तिराहे पर लोगों को पैदल चलने के लिए भी ठीक से जगह नहीं मिल पाई। मुख्य व बाइपास मार्ग पर जाम से दिल्ली, एनसीआर, यूपी, हरियाणा, पंजाब आदि राज्यों से ऋषिकेश पहुंचने पर्यटक भी दो-चार होते दिखे। यातायात निरीक्षक प्रदीप कुमार ने बताया कि वीकेंड पर वाहनों का दबाव बढ़ जाता है, जिसमें यातायात को सुचारू रखने के लिए पुलिस पूरी कोशिश करती है, मगर शहर के संकरी सड़कों की वजह से इसमें दिक्क्त पेश आती है।मुनिकीरेती में भी बेपटरी हुआ ट्रैफिक-पर्यटक वाहनों के दबाव की वजह से मुनिकीरेती के मुख्य मार्ग पर भी ट्रैफिक बेपटरी नजर आया। तपोवन और पर्वतीय इलाकों का रुख करने वाले पर्यटकों को कैलास गेट से लेकर रामझूला तिराहा पार करने में महज दस मिनट की बजाय आधे घंटे से ज्यादा का समय लगा। तपोवन में भी बदरीनाथ नेशनल हाईवे पर जाम जैसी स्थिति बनी रही। थानाध्यक्ष प्रदीप चौहान ने बताया कि ट्रैफिक को सुचारू रखने के लिए पर्याप्त पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। कुछ स्थानों पर मुख्य मार्ग संकरा है, जिसके चलते इस तरह की समस्या होती है।पर्यटकों ने उठाया राफ्टिंग का लुत्फवीकेंड पर मुनिकीरेती पर्यटकों से गुलजार दिखा। मुख्यतौर पर यहां राफ्टिंग के लिए कंपनियों के कार्यालय और आसपास पर्यटकों की भीड़ बुकिंग कराने के लिए दिखी। सुबह से लेकर दोपहर तक बुकिंग के लिए दिल्ली, एनसीआर, यूपी और हरियाणा आदि राज्यों के पर्यटक कार्यालयों पर डटे दिखे। वहीं, गंगा में भी दिनभर रंग-बिरंगी राफ्टों से अटी नजर आई। सहासिक पर्यटन अधिकारी जसपाल चौहान ने बताया कि शनिवार को करीब एक हजार पर्यटकों ने राफ्टिंग की। बताया कि राफ्टिंग कंपनियों को सभी सुरक्षा मानकों को पालन करने के लिए सख्त निर्देश दिए हैं। निगरानी के लिए विभागीय कर्मचारी की तैनाती भी की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *