बारिश से शहर में क्षतिग्रस्त सड़कें कीचड़ में तब्दील

Spread the love

ऋषिकेश। बेमौसम बारिश ने शहर की सड़कों की बदहाली उजागर कर दी है। नए और पुराने वार्डों में सीवर और पेयजल लाइन बिछाने के चलते पहले से ही टूटी सड़कों पर अब कीचड़ और जलभराव ने हालात और खराब कर दिए हैं। बीते दो दिनों की बारिश के बाद शहर की अधिकांश सड़कें कीचड़ से सन गई हैं। जगह-जगह गड्ढों में पानी भर गया है, जिससे वाहन चलाना जोखिम भरा हो गया है। खासकर दोपहिया वाहन चालक फिसलन के कारण हादसों के खतरे से जूझ रहे हैं। कई स्थानों पर सड़क से डामर पूरी तरह उखड़ चुका है। शुक्रवार को ऋषिकेश में लगातार बारिश के कारण शिवाजीनगर, चंद्रेश्वरनगर, मनसा देवी, गंगानगर, प्रगतिविहार, मायाकुंड, चौदहबीघा, शीशमझाड़ी, चंद्रभागा और ढालवाला क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति बन गई। पानी की निकासी बाधित होने से सड़कों ने तालाब का रूप ले लिया।चौदहबीघा और ढालवाला क्षेत्र में कीचड़ और गहरे गड्ढों में वाहन फंस गए, जिससे आवागमन प्रभावित हुआ। पुरानी चुंगी के पास सड़क नाले में तब्दील हो गई, जिससे लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सड़कों की हालत बिगड़ने पर नगर निगम अधिकारियों के फोन लगातार बजते रहे। सूचना मिलने पर निगम की टीम ने कुछ स्थानों पर नालियां खुलवाईं, लेकिन कई इलाकों में हालात जस के तस बने रहे। नगर आयुक्त गोपालराम बिनवाल ने बताया कि जलभराव वाले क्षेत्रों में नालियों की सफाई कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि शहर में चल रहे सीवर और पेयजल लाइन के कार्य के कारण यह समस्या बढ़ी है। वहीं, एनएच के अधिशासी अभियंता नवनीत पांडेय ने बताया कि क्षतिग्रस्त हाईवे की मरम्मत शुरू कर दी गई है और चारधाम यात्रा से पहले कार्य पूरा कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *