ड्रेनेज के लिए 35 करोड़ की योजना तैयार

Spread the love

रुद्रप्रयाग : रुद्रप्रयाग नगर क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही ड्रेनेज समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। नगर के सभी सात वार्डों की ड्रेनेज व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए लगभग 35 करोड़ रुपये की ड्रेनेज प्लान परियोजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कर ली गई है। इस संबंध में जिला पंचायत सभागार में सिंचाई खंड रुद्रप्रयाग द्वारा परियोजना का विस्तृत प्रेजेंटेशन प्रस्तुत किया गया। प्रेजेंटेशन के दौरान अधिकारियों ने बताया कि यह परियोजना रुद्रप्रयाग नगर क्षेत्र की वर्तमान एवं भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए तैयार की गई है। बैठक में कहा गया कि योजना के अंतिम स्वरूप से पूर्व नगर पालिका रुद्रप्रयाग के सभी जनप्रतिनिधियों तथा स्थानीय नागरिकों से प्राप्त सुझावों को डीपीआर में सम्मिलित किया जाएगा, ताकि परियोजना जनहितकारी एवं व्यावहारिक बन सके। इस मौके पर रुद्रप्रयाग विधायक भरत सिंह चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार नगरों की आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने आश्वस्त किया कि ड्रेनेज प्लान परियोजना के लिए शीघ्र ही धनराशि आवंटित कर कार्य प्रारंभ कराया जाएगा। परियोजना के पूर्ण होने से रुद्रप्रयाग नगर क्षेत्र की ड्रेनेज व्यवस्था सुदृढ़ होगी, जिससे बरसात के मौसम में जलभराव की समस्या से राहत मिलेगी। विधायक ने कहा कि बेहतर ड्रेनेज प्रणाली से न केवल स्वच्छता में सुधार होगा, बल्कि नगर की सुंदरता भी बढ़ेगी। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों से सुझाव देकर योजना को और अधिक प्रभावी बनाने में सहयोग करने की अपील की। बैठक में नगर पालिका के जनप्रतिनिधि, स्थानीय लोग एवं विभागीय अधिकारी मौजूद थे। (एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *