नई दिल्ली, एजेंसी। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य इंद्रेश कुमार ने बांग्लादेश में इस्कान मंदिर पर हुए हमले की निंदा करते हुए शनिवार को कहा कि शेख हसीना सरकार हिंदुओं को सुरक्षा प्रदान करने में पूरी तरह से नाकाम है। उन्होंने भारत सरकार से इस मामले में हस्तक्षेप करने का आग्रह किया। इंद्रेश कुमार ने कांग्रेस समेत सभी विपक्षी दलों से भी इस घटना की निंदा करने और सरकार के साथ मिलकर बांग्लादेश पर हिंदुओं पर हमले रोकने के लिए दबाव बनाने की अपील की।
उन्होंने कहा कि बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना की सरकार हिंदुओं को सुरक्षा देने में विफल रही है जो बहुत ही गंभीर मामला है। मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के संस्थापक एवं मुख्य संरक्षक कुमार ने इस्कान मंदिर पर हमले को आतंकी हमला करार दिया और मुस्लिम समाज से भी इसकी निंदा करने की अपील की।
इंद्रेश कुमार ने कहा कि बांग्लादेश में हर त्योहार पर पूर्व नियोजित साजिश के तहत हिंदुओं पर हमला किया जाता है। पिछले नौ साल के अंदर हिंदुओं पर 3,679 हमले किए गए हैं। इनमें से 1,678 हमलों में हथियारों का इस्तेमाल किया गया है और मंदिरों में तोड़फोड़ की गई।
हिंदुओं की सुरक्षा के लिए बांग्लादेश सरकार पर दबाव डालने के लिए कुमार ने भारत सरकार से हस्तक्षेप करने की अपील की। उन्होंने कहा कि हिंदुओं को लगातार निशाना बनाया जा रहा है। यही कारण है कि बांग्लादेश में जहां 1971 में हिंदुओं की आबादी 29 प्रतिशत थी, जो घटकर नौ प्रतिशत पर आ गई है।