कोटद्वार से दिल्ली के लिए चलवाएं रात्रि ट्रेन

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : कोटद्वार से दिल्ली के लिए रात्रि ट्रेन चलवाने सहित विभिन्न मांगों को लेकर नागरिक मंच ने प्रधानमंत्री को ज्ञापन भेजा। मंच ने मध्य प्रदेश के सुंदरवन सेंचुरी की तर्ज पर कोटद्वार-कालागढ़ मार्ग पर एलिवेटड रोड बनाने की भी मांग की है।
नागरिक मंच के अध्यक्ष सीपी नैथानी और महासचिव अतुल भट्ट ने इस संबंध में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ज्ञापन प्रेषित किया है। उन्होंने प्रेषित ज्ञापन में कहा कि कोटद्वार को गढ़वाल का प्रवेश द्वार कहा जाता है। लेकिन, आज भी कोटद्वार शहर विकास को तरस रहा है। राज्य निर्माण के 22 वर्ष बाद भी कोटद्वार विधानसभा में कोई विकास कार्य नहीं हुआ है। विकास के नाम पर महज नगर निगम थोपा गया है। जिससे क्षेत्रवासियों में गहरा रोष व्याप्त है। कहा कि कालागढ़ रामनगर मोटर मार्ग पर बस सेवा बंद कर दी गई है। जबकि चिलरखाल लालढांग मार्ग पर बरसात के दिनों में चार माह आवाजाही ठप रहती है। कहा कि मध्य प्रदेश के सुंदरवन सेंचुरी मार्ग की तर्ज पर कोटद्वार-कालागढ़ मार्ग पर एलिवेटेड रोड बनाने, कण्वाश्रम के विकास के लिए सीएसआर फंड से धनराशि स्वीकृत करने, मसूरी एक्सप्रेस पकड़ने के लिए कोटद्वार और नजीबाबाद के मध्य रात्रि के समय ईएमयू ट्रेन चलाने, हावड़ा, जम्मू तवी व मुम्बई के लिए नई ट्रेन सेवाएं संचालित करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *