साइबर ठगी से बचाव के लिए पुलिस ने लगाई कैनोपी, लोगों को किया जागरूक

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने और आमजन को ऑनलाइन ठगी से बचाने के लिए पुलिस की ओर से जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर कैनोपी लगाकर लोगों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस ने दशहरा मैदान, ग्रास्टनगंज में कैनोपी लगाकर लोगों को साइबर अपराधों से बचाव की जानकारी दी।


अभियान के दौरान पुलिस टीम ने लोगों को फर्जी कॉल, अनजान लिंक, ओएलएक्स फ्रॉड और लॉटरी व इनाम का लालच देकर की जाने वाली ठगी के बारे में बताया। साथ ही फर्जी एप डाउनलोड करवाकर निजी जानकारी हासिल करने और बैंक खातों से रकम उड़ाने वाले साइबर अपराधों के प्रति भी सचेत किया गया। पुलिस कर्मियों ने बताया कि साइबर ठग अलग-अलग तरीकों से लोगों को अपने जाल में फंसाते हैं। ऐसे में किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ बैंक खाते से जुड़ी जानकारी, ओटीपी, पासवर्ड और अन्य गोपनीय विवरण साझा नहीं करने चाहिए। अनजान लिंक पर क्लिक करने और संदिग्ध एप डाउनलोड करने से भी बचना चाहिए। पुलिस ने आमजन से अपील की कि किसी भी अनजान कॉल या संदेश पर भरोसा करने से पहले उसकी सत्यता की जांच करें। ऑनलाइन मिलने वाले आकर्षक ऑफर, इनाम और अन्य प्रलोभनों के झांसे में न आएं। यदि किसी के साथ साइबर ठगी होती है तो बिना देरी किए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं। पुलिस के अनुसार, अभियान का उद्देश्य आमजन को साइबर अपराधों के प्रति सतर्क करना और ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के उपायों की जानकारी देना है। पुलिस ने लोगों से स्वयं जागरूक रहने के साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *