सफाई कर्मियों ने किया ठेका प्रथा समाप्त करने की मांग को लेकर प्रदर्शन

Spread the love

अल्मोड़ा। सफाई कार्य से ठेका प्रथा समाप्त करने की मांग को लेकर नगर पालिका परिषद के सफाई कर्मचारियों ने बुधवार को पालिका परिसर में धरना दिया। साथ ही ठेका प्रथा को अविलंब समाप्त करने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। कहा कि हितों की अनदेखी कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। 10 अप्रैल से सफाई कर्मचारी अधिकार यात्रा निकालने का संकल्प लिया गया। देवभूमि उत्तराखंड सफाई कर्मचारी संघ ने प्रांतीय आह्वान पर गुरुवार को भी धरना जारी रखने का एलान किया है। धरना स्थल पर हुई सभा में प्रदेश महासचिव राजपाल पवार ने कहा कि सफाई कार्य से ठेका प्रथा समाप्त किए जाने की मांग लंबे अरसे से उठाई जा रही है, इसके बाद भी कोई सुध नहीं लिए जाने से कर्मचारियों में रोष बढ़ता जा रहा है। कहा कि यदि संघ की 11 सूत्रीय समस्याओं का समाधान जल्द नहीं किया गया तो संघ आंदोलन को तेज करने के लिए बाध्य होगा। 10 अप्रैल से सफाई कर्मचारी अधिकार यात्रा निकाली जाएगी, जो 25 अप्रैल तक चलेगी। इसके तहत हर पालिका में जाकर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इसके बाद के समय अंतराल में भी कोई सुध नहीं ली गई तो एक मई को सफाई कर्मचारी मुख्यमंत्री आवास का घेराव करेंगे। 2 मई से अनिश्चित कार्यबहिष्कार आंदोलन शुरू कर दिया जाएगा। धरना-प्रदर्शन में राधा देवी, पुष्पा देवी, रेखा देवी, मुन्नी देवी, प्रभा देवी, रानी देवी, राजो देवी, दीपक चंदेल, राजेंद्र कुमार, सतीश कुमार, राजेश टांक, दीपक सैलानी, यशपाल, अनिल कुमार, भूपेंद्र कुमार, कमल कुमार, दीपचंद, संजय कुमार, राजेश प्रधान, जगदीश कुमार, हिमांशु पवार आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *