जयन्त प्रतिनिधि।
रूद्रप्रयाग : जिलाधिकारी प्रतीक जैन के मार्गदर्शन में श्री केदारनाथ धाम यात्रा को सुरक्षित, व्यवस्थित, निर्बाध और सुगम बनाने के लिए प्रशासन द्वारा राष्ट्रीय राजमार्गों में युद्धस्तर पर सुधारात्मक कार्य किए जा रहे हैं। एनएच-07, एनएच-107 एवं एनएच-1071 पर भूस्खलन, सिंकिंग और अस्थिर ढलानों से प्रभावित स्थलों का वैज्ञानिक उपचार कर यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।
राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-107 पर मेदनपुर एवं कुण्ड बैराज में लैंडस्लाइड ट्रीटमेंट का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। वहीं बांसवाड़ा के समीप भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र में सुधारात्मक कार्य भी तीव्र गति से प्रगति पर है। कुण्ड-गुप्तकाशी मार्ग पर विगत वर्ष की भारी वर्षा से क्षतिग्रस्त लगभग 500 मीटर सड़क को ठेकेदार द्वारा अपने व्यय पर पुन: एंकरिंग एवं आरसीसी पेवमेंट के माध्यम से दुरुस्त कर दिया गया है। विद्याधाम एवं देवीधार सिंकिंग जोन में कार्य यात्रा से पूर्व पूर्ण किए जाने हैं। खाट, कालाढूंगी-1 एवं कालाढूंगी-2 में पेवमेंट सहित सभी कार्य पूरे कर लिए गए हैं। रामपुर स्थल पर करीब 40 प्रतिशत से अधिक कार्य पूर्ण हो चुका है, जिसे यात्रा से पहले पूरा कर लिया जाएगा। मुनकुटिया में भूस्खलन उपचार कार्य भी निरंतर प्रगति पर है। राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-107 के कोरखी-1 एवं खुमेरा स्थलों पर उपचार कार्य जारी है जिन्हें आगामी यात्रा से पूर्व ही पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। एनएच-1071 के कुण्ड-चमोली मार्ग पर चुन्नी-2 एवं मस्तुरा-2 में भी सुधारात्मक कार्य तेजी से चल रहे हैं। राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-1071 पर ताला के समीप बीते वर्ष हुई सिंकिंग का उपचार गैबियन एवं अन्य संरचनाओं से करते हुए डीबीएम/बीसी के माध्यम से मार्ग को पूरी तरह यातायात योग्य बना दिया गया है। वहीं, जवाड़ी बाईपास में 5-6 स्थलों पर भारी सिंकिंग के उपचार हेतु संपूर्ण लंबाई में गैबियन वॉल का निर्माण कर जीएसबी के माध्यम से यातायात संचालित किया जा रहा है, जिस पर यात्रा से पूर्व 2 सेमी. पीसी कर मार्ग को और अधिक राइडेबल बनाया जाएगा। सेतु के दोनों ओर अप्रोच वॉल भी पूर्ण कर ली गई हैं। राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-107 पर 9 अन्य लोकेशनों तथा एनएच-07 के सिरोबगड़ में एक लोकेशन पर निविदा प्रक्रिया जारी है, जिन पर कार्य यात्रा उपरांत कराए जाने की योजना है। एनएच के अधिशासी अभियंता ओमकार पांड्य ने जानकारी दी कि राष्ट्रीय राजमार्गों पर नालियों के निर्माण एवं उनकी नियमित सफाई का कार्य तीव्र गति से कराया जा रहा है। साथ ही सोल्डर फिलिंग का कार्य भी प्रारंभ कर दिया गया है, जिसे फरवरी माह के अंत तक पूर्ण कर लिया जाएगा। इसके अतिरिक्त जिन स्थलों पर सड़क क्षतिग्रस्त हुई है, वहाँ पैच मरम्मत का कार्य प्रस्तावित है, जिसे 20 फरवरी से प्रारंभ कर 20 मार्च तक पूर्ण किया जाएगा।