जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी। सोशल मीडिया में चल रहे विभिन्न चैलेंज पर पुलिस अधिकारियों ने सोच समझ कर पोस्ट करने की नसीहत दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि साइबर क्राइम का मूल स्रोत सोशल मीडिया ही है। साइबर ठग यहीं से जानकारी जुटाकर घटना को अंजाम देते हैं। निजी जानकारियों को सोशल मीडिया में साझा करने से बचें।
पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया में डाली गई फोटो व आपसे संबंधित निजी जानकारियों का गलत प्रयोग किया जा सकता है।
सीओ सदर पौड़ी वंदना वर्मा का कहना है कि हमें अभी यह पता नहीं है कि इस प्रकार के चैंलेज की शुरुआत कहां से हो रही है और कौन इनकी शुरुआत कर रहा है। बावजूद इसके हम अपने निजी फोटो सोशल मीडिया में अपलोड कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया में कुछ भी साझा करने से पहले प्रमाणिकता की जानकारी जरूर जुटाएं। इन बातों की शुरुआत कहां से हुई इसकी जानकारी होनी जरूरी है। इन चैलेंज का कुछ और उद्देश्य है तो भविष्य में फोटो का गलत प्रयोग हो सकता है।