श्रीनगर गढ़वाल : उत्तराखंड संस्कृत शिक्षा परिषद की 2025-2026 की परीक्षाओं का परिणाम घोषित कर दिया गया है। इस वर्ष श्री जयदयाल अग्रवाल संस्कृत उत्तर मध्यमा विद्यालय, श्रीनगर के कक्षा 12 (उत्तर मध्यमा) के छात्र सक्षम प्रसाद ने पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। सक्षम की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है। सक्षम ने परिषद की हाईस्कूल परीक्षा में भी प्रदेश में दूसरा स्थान हासिल किया था। कीर्तिनगर के डागर पट्टी के पाली कसिल्ड गांव निवासी दिनेश प्रसाद फोदणी और माता सरवेश्वरी देवी के पुत्र सक्षम प्रसाद ने उत्तर मध्यमा परीक्षा में 93.4 प्रतिशत अंक हासिल कर प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया। सक्षम ने बताया कि वह विद्यालय के अलावा नियमित रूप से चार-पांच घंटे पढ़ाई करते हैं। कहा ज्योतिष विषय में उन्होंने सबसे ज्यादा 99 अंक हासिल किए हैं। उन्होंने कहा कि वह अपना भविष्य उच्च शिक्षा के क्षेत्र में बनाना चाहता हैं। अपनी सफलता का श्रेय उन्होंने अपने गुरुजनों व अभिभावकों को दिया है। समक्ष के पिता पूजा-पाठ का काम करते हैं, जबकि माता गृहिणी हैं। विद्यालय के प्रधानाचार्य जगदीश प्रसाद सकलानी ने कहा कि सक्षम की इस उपलब्धि से सभी का मान बढ़ा है। उन्होंने इसे सक्षम के कठिन परिश्रम, अनुशासन और मार्गदर्शन का परिणाम बताया। सक्षम की सफलता पर विद्यालय के शिक्षक द्वारिका प्रसाद कपरवाण, सुनील प्रसाद फोदणी, गिरीश चंद्र डिमरी, दीपक राज नौटियाल, नरेश दत्त पेटवाल, हरीश पैन्यूली, मुकेश प्रसाद, संगीता भट्ट आदि ने खुशी जताई। (एजेंसी)