सल्ट उपचुनाव प्रचार की जंग में आज होगी हरदा की एंट्री

Spread the love

देहरादून। सल्ट उपचुनाव प्रचार की जंग रोचक मोड़ पर पहुंच गई है। गुरुवार को पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस महासचिव हरीश रावत की चुनाव प्रचार की जंग में एंट्री होने जा रही है। वहीं मुख्य संगठन के साथ ही फ्रंटल संगठन प्रदेश युवक कांग्रेस ने भी चुनाव प्रचार में मोर्चा संभाल लिया है। सल्ट उपचुनाव के लिए मतदान 17 अप्रैल को होना है। चुनाव प्रचार में अब कम समय बचा है। गुरुवार शाम पांच बजे चुनाव प्रचार पर रोक लग जाएगी। आखिरी दिन मतदाताओं को लुभाने के लिए पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत चुनाव प्रचार में उतरेंगे। कांग्रेस प्रत्याशी गंगा पंचोली के समर्थन में उनकी तीन जनसभाएं होंगी। पहली सभा पोखरी, दूसरी हरड़ा मौलिखाल और तीसरी जनसभा छयाड़ी बगड़ स्याल्दे में होगी। रावत अल्मोड़ा संसदीय सीट से प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। अल्मोड़ा उनका गृह जिला है। यही वजह है कि चुनाव प्रचार में उनकी एंट्री को कांग्रेस प्रत्याशी गंगा पंचोली के लिए अहम माना जा रहा है।गंगा पंचोली को उपचुनाव का टिकट दिलाने में रावत की अहम भूमिका रही है। गंगा के समर्थन में पुरजोर तरीके से उतरे हरीश रावत उपचुनाव को अपनी प्रतिष्ठा से जोड़कर विधानसभा क्षेत्र की जनता से कई दफा मार्मिक अपील कर चुके हैं। खास बात ये है कि उपचुनाव की तैयारी में प्रदेश कांग्रेस संगठन तो मुस्तैदी से जुटा ही है, साथ में फ्रंटल संगठन प्रदेश युवक कांग्रेस ने युवाओं को लुभाने के लिए ताकत झोंक रखी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *