सनेह के खनन भंडारण के विरोध में दूसरे दिन भी क्रमिक अनशन जारी

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार। कोटद्वार नगर निगम क्षेत्र अन्तर्गत वार्ड नम्बर तीन में खनन भंडारण के विरोध में शनिवार को तहसील परिसर में क्रमिक अनशन दूसरे दिन भी जारी रहा। कैप्टन हंसवन्त सिंह, सुभाष कुकरेती, सतपाल सिंह क्रमिक अनशन पर बैठे। क्रमिक अनशन पर बैठे सुभाष कुकरेती ने कहा कि आंदोलन को आगे बढ़ाते हुए सोमवार को इस संबंध में उपजिलाधिकारी के माध्यम से प्रदूषण बोर्ड को ज्ञापन भेजा जायेगा।
तहसील परिसर में प्रदर्शन करते हुए लोगों ने आरोप लगाते हुए कहा कि स्थानीय लोगों के विरोध के बावजूद भी प्रशासन ने सनेह मल्ली में भंडारण की अनुमति दी। खनन भंडारण से जहां लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, वहीं पर्यावरण भी प्रदूषित हो रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले दो माह से वह शासन-प्रशासन से अवैध भंडारण को निरस्त करने की मांग कर रहे है, लेकिन अब तक भंडारण बंद नहीं हो पाया है। जिससे लोगों में आक्रोश पनप रहा है। उन्होंने कहा कि आरबीएम के ओवर लोडेड डंपरों की आवाजाही से सड़क, सिंचाई गूलें, पेयजल लाइनें व आवासीय भवनों को नुकसान पहुंच रहा है। इसलिए उसको आबादी क्षेत्र से कहीं ओर शिफ्ट करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब तक भंडारण को निरस्त नहीं किया जायेगा तब तक आंदोलन जारी रहेगा। प्रदर्शन करने वालों में सूरवीर सिंह खेतवाल, ममता नेगी, डिंपल ठाकुर, माया, अंशु रावत, सपना देवी, कैप्टन सीपी डोबरियाल, रानी नेगी, राजेश चन्द्र भट्ट, योगेन्द्र सिंह नेगी, गोपाल दत्त, जगदीश सिंह नेगी, जगमोहन सिंह रावत, अनूप बिष्ट, गोपाल कृष्ण बड़थ्वाल, हेमा जखमोला आदि शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *