संघर्ष समिति ने सुरंग व बाइपास निर्माण का किया विरोध

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : पौड़ी बचाओ संघर्ष समिति ने बाईपास और सुरंगों के निर्माण किए जाने का विरोध किया है। समिति के संयोजक नमन चंदोला ने कहा कि ऐसी कोई भी सुरंग और बाईपास को बनने नहीं दिया जाएगा। जिससे आम जनता के साथ-साथ पौड़ी वासियों, व्यापारियों को नुकसान पहुंचे।
गुरुवार को पौड़ी में पत्रकार वार्ता में समिति के संयोजक नमन चंदोला ने कहा कि राज्य सरकार यदि पौड़ी को लेकर गंभीर होती तो बुआखाल से पौड़ी होते हुए जाने वाले एनएच का चौड़ीकरण करती, जिससे पौड़ी का सर्वांगीण विकास शुरू होता लेकिन सरकार ऐसा करने के बजाय पौड़ी को उपेक्षित करने का प्रयास कर रही है। कहा कि राज्य बनने के बाद से ही उपेक्षा का शिकार रही पौड़ी को और ज्यादा उपेक्षित करने की मंशा से ही बाईपास, सुरंगों का निर्माण किया जा रहा है। कहा कि बुआखाल से बनाए जा रहे बाईपास और इसी के आसपास से बनाई जा रही प्रस्तावित सुरंगों का पौड़ी बचाओ संघर्ष समिति पुरजोर विरोध करती है। उन्होंने कहा कि सुरंगों और बाईपास को पौड़ी से जोड़कर बनाया जाना चाहिए ताकि पौड़ी की चहलपहल खत्म ना हो। कहा कि आज से पहले जो हुआ जैसे हुआ उसे छोड़ दिया जाना चाहिए अब पौड़ी को उपेक्षित करने वाली किसी भी योजना को बनने नहीं दिया जाएगा। समिति के संयोजक ने इस मुद्दे पर जनता से भी अपील करते हुए पौड़ी के अस्तित्व को बचाने के लिए साथ खड़े होने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *