चित्रकला प्रतियोगिता में सानिया व अंकुश रहे अव्वल

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : प्रथम अंतरिक्ष दिवस के अवसर पर राजकीय इंटर कालेज कोटद्वार में चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस दौरान जूनियर वर्ग में सानिया व सीनियर वर्ग में अंकुश ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं, इसरो के वैज्ञानिक दीपक अग्रवाल ने विद्यार्थियों को जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
वैज्ञानिक दीपक अग्रवाल ने विद्यार्थियों को आनलाइन संबोधित किया। उन्होंने कहा कि छात्र-छात्राओं को सदैव बड़े सपने देखने चाहिए और उन्हें साकार करने के लिए पूरे परिश्रम एवं प्रतिबद्ध भाव से कार्य करना चाहिए। जुनून के साथ कार्य करने वालों की जय निश्चित है। अग्रवाल ने कहा कि वह भी स्वयं राजकीय इंटर कालेज दुगड्डा व राजकीय इंटर कालेज कोटद्वार के विद्यार्थी रह चुके हैं। एक छोटे से शहर व कस्बे से निकलकर भी छात्र बेहतर मुकाम को हासिल कर सकते हैं। हर व्यक्ति के पास एक नया विचार, नया आइडिया होता है। इसे अपने जीवन में अपनाने की आवश्यकता है। कहा कि आज भारत ने अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में बड़ी कामयाबी हासिल की है। कहा कि राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस जैसे आयोजनों से हमें विज्ञान के क्षेत्र में नई ऊर्जा, हौसले और संकल्पों के साथ आगे बढ़ने में मदद मिलती है। इस मौके पर आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में जूनियर वर्ग में सानिया प्रथम, आदित्य द्वितीय व सिद्धांत तृतीय स्थान पर रहे। जबकि सीनियर वर्ग में अंशुल पंवार प्रथम, हर्षित वर्मा द्वितीय व अंशपाल तृतीय रहे। खंड शिक्षा अधिकारी अमित कुमार चंद ने वैज्ञानिक अग्रवाल का धन्यवाद किया। प्रधानाचार्य डा. पद्मेश बुड़ाकोटी ने कहा कि वैज्ञानिक दीपक अग्रवाल ने चंद्रयान मिशन में अपने योगदान से पूरे क्षेत्र व राज्य को गौरवांवित किया। इस मौके पर शिक्षक दौलत सिंह गुसाईं, मनमोहन सिंह चौहान, भारत सिंह नेगी, अनूप नेगी, सतपाल सिंह चौहान, सरिता रौतेला, नितिन बिष्ट आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *