अहमदाबाद, भारतीय क्रिकेट टीम के सलामी बल्लेबाज संजू सैमसन ने टी-20 विश्व कप 2026 के फाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ धमाकेदार बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतकीय पारी (89 रन) खेली। यह उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का छठा और कीवी टीम के खिलाफ पहला ही अर्धशतक रहा, जिसे उन्होंने 33 गेंदों में पूरा किया। इस पारी के दौरान उन्होंने कई रिकॉर्ड तोड़े। ऐसे में आइए उनकी पारी और आंकड़ों पर एक नजर डाल लेते हैं।पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम को सैमसन और अभिषेक शर्मा (52) की सलामी जोड़ी ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों ने पावरप्ले में ही 92 रन जोड़ते हुए पहले विकेट के लिए 43 गेंदों में 98 रन की साझेदारी निभाई। इसके बाद उन्होंने ईशान किशन के साथ भी मजबूत साझेदारी करते हुए अपना अर्धशतक पूरा किया। वह 46 गेंदों में 89 रन बनाकर आउट हुए। उनके बल्ले से 5 चौके और 8 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 193.48 की रही।
सैमसन टी-20 विश्व कप के फाइनल में सबसे बड़ी पारी खेलने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने मार्लन सैमुअल्स का रिकॉर्ड तोड़ा है, जिन्होंने इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ साल 2016 के टी-20 विश्व कप में 85* रन बनाए थे। केन विलियमसन इस सूची में संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर हैं। उन्होंने 2021 के टी-20 विश्व कप फाइनल में ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के खिलाफ 85 रन की पारी खेली थी।
सैमसन टी-20 विश्व कप के इतिहास में भारत के पहले बल्लेबाज बने हैं, जिन्होंने लगातार 3 मैचों में 50+ का स्कोर बनाया है। इससे पहले उन्होने सेमीफाइनल मैच में इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ 89 रन बनाए थे। वेस्टइंडीज के खिलाफ सुपर-8 के करो या मरो मुकाबले में उनके बल्ले से नाबाद 97 रन निकले थे। विराट कोहली के बाद टी-20 विश्व कप के सेमीफाइनल और फाइनल में अर्धशतक जड़ने वाले सैमसन सिर्फ दूसरे भारतीय बल्लेबाज हैं।
सैमसन टी-20 विश्व कप के एक संस्करण में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने कोहली का रिकॉर्ड तोड़ा है। उन्होंने 2014 के टी-20 विश्व कप में 319 रन बनाए थे। तीसरे स्थान पर ईशान किशन आ गए हैं। उन्होंने इस विश्व कप में 9 पारियों में 317 रन बनाए हैं। सैमसन ने इस विश्व कप में 80.25 की औसत और 199.37 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की है। उनके बल्ले से 3 अर्धशतक निकले हैं।
सैमसन ने साल 2015 में जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम के खिलाफ अपना टी-20 अंतरराष्ट्रीय डेब्यू किया था। वह अब तक 62 मैचों की 54 पारियों में 28.55 की औसत और 156.83 की स्ट्राइक रेट के साथ 1,399 रन बनाने में सफल रहे हैं। इस दौरान उन्होंने 3 शतक और 6 अर्धशतक भी जड़े हैं। इस प्रारूप में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 111 रन का रहा है। वह एक कैलेंडर वर्ष में 3 टी-20 अंतरराष्ट्रीय शतक जड़ने का कारनामा कर चुके हैं।