नईदिल्ली,। हाल ही में एक खबर आई थी कि संजू सैमसन इंडियन प्रीमियर लीग के अगले सीजन में राजस्थान रॉयल्स (आरआर) का साथ छोड़ सकते हैं। उनके चेन्नई सुपरकिंग्स या कोलकाता नाइट राइडर्स के साथ जाने की संभावना जताई जा रही थी। अब ताजा खबर के मुताबिक, सैमसन आगामी सीजन में भी आरआर की टीम में बरकरार रहने वाले हैं।
सूत्र के हवाले से कहा, आरआर ने फिलहाल सैमसन या अपने किसी भी खिलाड़ी को ट्रेड नहीं करने का फैसला किया है। सैमसन रॉयल्स टीम का अभिन्न अंग हैं और टीम के निर्विवाद कप्तान हैं। 30 वर्षीय सैमसन का आरआर के साथ एक दशक से भी पुराना रिश्ता है। इस खिलाड़ी ने 2013 में पहली बार आरआर के लिए खेला था। 2016 और 2017 सीजन को छोड़कर तब से वह क्रक्र के साथ हैं।
आईपीएल 2025 में सैमसन ने 9 पारियों में 35.62 की औसत और 140.39 की स्ट्राइक रेट से 285 रन बनाए। इस बीच उनके बल्ले से 1 अर्धशतक निकला था। 9 मुकाबलों में सैमसन के आंकड़े इस प्रकार रहे:- 66 (37 गेंद), 13 (11 गेंद), 20 (16 गेंद), 38 (26 गेंद), 41 (28 गेंद), 15 (19 गेंद), 31 (19 गेंद), 20 (16 गेंद) और 41 (31 गेंद) . आईपीएल 2024 में उन्होंने 16 मैच में 531 रन बनाए थे।
आईपीएल 2025 में आरआर का प्रदर्शन बेहद खराब रहा था। सैमसन चोट के चलते कुछ मैच नहीं खेले थे और रियान पराग ने टीम की कप्तानी की थी। आरआर ने पिछले सीजन में सिर्फ 4 मैच जीते थे।
सैमसन ने साल 2013 में पंजाब किंग्स के खिलाफ अपने आईपीएल करियर का आगाज किया था। वह 176 मैच की 172 पारियों में लगभग 31 की औसत और 139.05 की स्ट्राइक रेट से 4,704 रन बना चुके हैं। इसमें 3 शतक और 26 अर्धशतक शामिल हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 119 रहा है। वह आईपीएल में 19 बार नाबाद भी रहे हैं। कप्तान के तौर पर सैमसन अब तक आरआर को ट्रॉफी नहीं दिला पाए हैं।
००