संत, पार्षद, भाजपा नेता सहित 36 लोग होंगे होम आइसोलेट

Spread the love

संवाददाता, हरिद्वार। कोविड-19 सिटी रिस्पोंस टीम ने कोरोना पॉजिटिव मरीज के संपर्क में आए 36 लोगों को चिन्हित कर लिया है। शुक्रवार को जारी हुई आधिकारिक सूची में संतों, पार्षदों, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ताओं के साथ शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक के भाई का नाम भी शामिल है। इन सभी लोगों को अगले 14 दिनों के लिए क्वारंटाइन किया जाएगा। वहीं संपर्क में आए लोगों की कोविड-19 जांच भी की जाएगी।बीती 25 मई में नगर कोतवाली के पास रामलीला मैदान में हुए राशन वितरण कार्यक्रम में कोरोना पॉजिटिव मरीज भी शामिल हुआ था। कार्यक्रम में शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की थी। इसके बाद भाजपा सहित पूरे शहर में खलबली मच गई थी। प्रशासन ने सिटी रिस्पोंस टीम को कोरोना पॉजिटिव के संपर्क में आए लोगों को चिन्हित करने के आदेश दिए थे। इसके बाद सिटी रिस्पोंस टीम ने भाजपा मीडिया प्रमुख विकल राठी की ओर से सोशल मीडिया पर जारी की गई लाइव वीडियो से कार्यक्रम में शामिल लोगों को चिन्हित किया। चिन्हीकरण की रिपोर्ट प्रशासन को सौंप दी गई। अब प्रशासन ने स्वास्थ्य विभाग को सूची में शामिल सभी लोगों के घरों पर सेल्फ आइसोलेशन के नोटिस चस्पा करने के निर्देश दिए हैं। अब कोरोना पॉजिटिव मरीज के संपर्क में आए सभी लोगों के जांच के लिए सैंपल लिए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *