रुद्रप्रयाग। जनपद के सभी सरस्वती शिशु एवं विद्या मंदिर में वसंत पंचमी पर मां सरस्वती की विशेष पूजा-अर्चना कर हवन किया गया। इस पर्व को प्रवेशोत्सव के रूप में भी मनाया गया। इस दौरान कई शिक्षण संस्थाओं में नए बच्चों का प्रवेश कर उनका स्वागत किया गया। मुख्यालय स्थित विद्या मंदिर इंटर कालेज बेलनी में आचार्य प्रदीप बुडाकोटी ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ मां सरस्वती का पूजन अर्चन एवं हवन कर आराधना की। इस दौरान विद्यालय परिवार की ओर से मां शारदा के चित्र पर फूलों के साथ विभिन्न सामग्री अर्पित करने के साथ ही भजन एवं कीर्तन किए गए। सरस्वती शिशु मंदिर में वसंत पंचमी के अवसर पर छात्र-छात्राएं पीले वस्त्र पहनकर विद्यालय पहुंचे। विद्यालय परिसर में हवन कुंड तैयार कर जौ तिल व घी की आहुतियां डालकर हवन किया गया। अंत में सभी छात्रों एवं अभिभावकों का तिलक किया गया। इसके साथ ही विद्यालय में 8 नए छात्रों के प्रवेश पर उनका फूल मालाओं से स्वागत किया गया। शिशु मंदिर के प्रधानाचार्य गंगादत्त जोशी ने बताया कि वसंत पंचमी के अवसर पर प्रतिवर्ष यह कार्यक्रम धूमधाम से मनाया जाता है। इस वर्ष भी पर्व के अवसर पर मां सरस्वती का पूजन किया गया। विद्यालय में कई छात्रों का प्रवेश भी किया गया। विद्या मंदिर बेलनी के प्रधानाचार्य शशिमोहन उनियाल ने कहा कि हमारी वैदिक परंपराएं हमें यज्ञ व पूजन अर्चन करवाकर वातावरण को शुद्ध करने हेतु प्रेरित करती हैं। छात्र-छात्राओं के बीच इस प्रकार के आयोजनों से अपनी संस्कृति के प्रति रुचि बढ़ती है। कहा कि विद्यालय सदैव अपनी संस्कृति एवं परंपराओं का निर्वहन करता रहता है। अपनी परंपराओं से जुड़ते हैं। उन्होंने वसंत पंचमी के महात्म्य को भी सभी के सम्मुख रखा। इस मौके पर प्रधानाचार्य शशि मोहन उनियाल व गंगादत्त जोशी, राजीव घरिया, प्रेम सिंह नेगी, महिपाल सिंह रावत, सुनील बमोला, रविन्द्र सिंह समेत कई शिक्षक एवं छात्र मौजूद थे।