कोटद्वार में आयोजित यूनिट मार्च दौड़ को संबोधित करते हुए बोले सांसद अनिल बलूनी
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी ने कहा कि सरदार पटेल ने देश को एक सूत्र में बांधने का कार्य किया है। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरदार पटेल के बताए मार्ग पर चलकर देश को विकास के पथ पर आगे बढ़ाने का कार्य कर रहे है। कहा कि सरदार पटेल की जयंती पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।
शुक्रवार को तड़ियाल चौक से यूनिट मार्च देवी रोड, नजीबाबाद रोड, झंडाचौक व बदरीनाथ मार्ग से होते हुए मालवीय उद्यान में पहुंचा। इसके उपरांत यहां आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अनिल बलूनी ने कहा कि जब हमारा देश स्वतंत्र हुआ उस समय बहुत सी रियासतें थी। उस समय तय किया गया कि जहां-जहां मुस्लिम आबादी है वह पाकिस्तान बन जाएगा और जहां हिंदू आबादी है वह हिदुस्तान होगा। एक अलग तरीके से देश को बनाया जा रहा था। बताया कि सरदार पटले ने इसके खिलाफ रियासतों को एक किया और उन्हीं की देन है कि आज हमारा पूरा भारत एक बना। कहा कि आजादी के बाद कांग्रेस ने देश विरोधी योजनाओं को अपनाया। एक ही परिवार द्वारा देश को चलाया जा रहा था। हर गांव, हर शहर हर जगह का नाम केवल एक परिवारों के सदस्यों के नाम पर ही रखा जा रहा था। कहा कि वर्तमान में भारतीय जनता पार्टी देश की तरक्की के लिए कार्य कर रही है। कहा कि सरदार पटेल के योगदान को याद करने के लिए आज हर समाज हर धर्म का व्यक्ति पदयात्रा कर रहा है। सरदार पटेल की इच्छा शक्ति के ही कारण देश तरक्की के पथ पर आगे बढ़ रहा है। इस मौके पर महापौर विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूडी भूषण, लैंसडौन विधायक दिलीप सिंह रावत, भाजपा जिलाध्यक्ष राज गौरव नौटियाल, गोसेवा अयोग के उपाध्यक्ष राजेंद्र अण्थ्वाल, ऋषि कंडवाल आदि मौजूद रहे।