सरकार केवल घोषणा व भाषण देने तक सीमित: नेगी

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी।
पूर्व स्वास्थ्य मंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुरेंद्र सिंह नेगी ने राज्य सरकार पर जनता की आंखों में धूल झोंकने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बीते चार सालों में एक भी विकास कार्य नहीं हुए है। सरकार केवल घोषणा व भाषण देने तक सीमित रह गई है। प्रदेश सरकार हर मोर्चे पर फेल हो चुकी है।
बुधवार को पौड़ी में पत्रकारों से बातचीत करते हुए पूर्व स्वास्थ्य मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि चुनाव के समय बीजेपी ने जनता से कई बड़े वादे किए, लेकिन चार साल बीतने के बाद राज्य सरकार का कोई भी वायदा पूरा नहीं हो पाया। उन्होंने कहा कि इन चार सालों में प्रदेश में महंगाई, बेरोजगारी में बेतहाशा बढ़ोत्तरी हुई है। सरकार रोजगार देने में पूरी तरह से नाकाम हो गई है। उन्होंने कहा कि भर्तियों पर रोक लगाकर बेरोजगारों के साथ मजाक किया जा रहा है। ऐसे में बेरोजगारों को भविष्य की चिंताएं सता रही हैं। प्रदेश में सीएम बदलने पर उन्होंने कहा कि चार साल तक प्रदेश सरकार ने कोई काम नहीं किया अब जनता का ध्यान भटकाने के लिए इस तरह के कार्य किए जा रहे हैं। यही नहीं प्रदेश सरकार ने पूर्ववर्ती सरकार के सभी विकास कार्यों पर रोक लगा दी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सड़कों की स्थिति खस्ताहाल है। इन दिनों प्रदेश के कई क्षेत्रों में अभी से वनाग्नि की घटनाएं सामने आ रही है, लेकिन प्रदेश सरकार सिर्फ हवा-हवाई दावे कर रही है। जनता प्रदेश सरकार की नीतियों से परेशान है। अब जनता के सामने सरकार का असली चेहरा सामने आ गया है। आने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस भारी बहुमत से जीत हासिल करेगी। इस मौके पर कोटद्वार मेयर हेमलता नेगी, जिलाध्यक्ष कामेश्वर राणा, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष कमला रावत, जिलामहामंत्री वीर प्रताप आर्य, एनएसयूआई जिलाध्यक्ष गौरव सागर, नितिन बिष्ट, भरत सिंह आदि शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *