सर्वजन स्वराज पार्टी 70 सीटों पर लड़ेगी विधानसभा चुनाव

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार। सर्वजन स्वराज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. देवेश्वर भट्ट ने कहा कि आगामी 2022 में पार्टी 70 सीटों पर विधानसभा चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि राज्य निर्माण के बीस साल बाद भी कोई सुधार नहीं हुआ है। इसके लिए अब तक की सरकारें जिम्मेदार है। राष्ट्रीय पार्टिया चुनाव के समय ही पहाड़ की बात करते है, चुनाव जीतने के बाद पहाड़ के लिए योजनाएं बनाने भूल जाते है, लेकिन सर्वजन स्वराज पार्टी के सत्ता में आने पर पहाड़ के अनुरूप विकास योजनाएं बनाई जायेगी। उत्तराखण्ड के विकास के लिए क्षेत्रीय पार्टी का सत्ता में आना बहुत जरूरी है। स्वराज पार्टी सत्ता में आने पर गढ़वाल और कुमाऊं के बीच में 500 बेड का अस्पताल सहित मेडिकल कॉलेज बनायेगी।
मंगलवार को लोक निर्माण विभाग के गेस्ट हाऊस में प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए डॉ. देवेश्वर भट्ट ने कहा कि पार्टी सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में चुनाव लड़ेगी। इसके लिए सदस्यता अभियान शुरू कर दिया है। अभी तक पार्टी के साठ हजार से अधिक सदस्य बन गये है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड बनने के बाद भाजपा और कांग्रेस की सरकारों ने प्रदेशवासियों को छलने का काम किया है। पार्टी अपनी नीतियों के प्रचार-प्रसार के माध्यम से जनता के बीच जाएगी। श्री भट्ट ने कहा कि सरकारी स्कूलों की स्थिति दयनीय बनी हुई है। जहां स्कूलों के भवन जीर्ण-क्षीण है वहीं अधिकांश स्कूलों में शौचालय तक नहीं है। हालत यह है कि जहां शिक्षक है वहां बच्चे नहीं है और जहां बच्चे है वहां शिक्षक नहीं है। प्रदेश में स्वराज पार्टी की सरकार आने पर सरकारी स्कूलों को इंग्लिश मीडियम में तब्दील किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पहाड़ों में स्वास्थ्य सेवाएं बदहाल पड़ी हुई है। स्वास्थ्य केन्द्र में डॉक्टर और दवाई तक नहीं है। जिस कारण लोगों को उपचार कराने के लिए शहर की ओर आना पड़ता है। डॉ. भट्ट ने कहा कि टिहरी बांध में उत्तराखण्ड को पचास प्रतिशत हिस्सेदारी मिलनी चाहिए। परिसम्पत्तियों का बंटवारा प्रदेश के हक में होना चाहिए। अब तक की सरकारें बीस साल में इस पर कार्य नहीं कर पाई है। सरकार की विकास करने की सोच और प्लानिंग नहीं है। इसलिए प्रदेश विकास में पिछड़ता जा रहा है। प्रदेश के विकास के लिए क्षेत्रीय पार्टी का सत्ता में आना आवश्यक है। इस मौके पर पार्टी के संरक्षक डॉ. शक्ति शैल कपरवाण, कार्यकारी अध्यक्ष जगतराम डोगरा, प्रवक्ता विलास गौड़, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य राजाराम अण्थवाल, पार्षद प्रवेन्द्र रावत, गोविन्द डंडरियाल आदि मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *