सतपाल महाराज ने किया मालन पुल का निरीक्षण

Spread the love

यूपी के मुख्यमंत्री के विशेष कार्यधिकारी के घर पहुंकर उनके दिवंगत पिता को दी श्रद्धांजलि
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : लोकनिर्माण मंत्री सतपाल महाराज ने कोटद्वार पहुंचकर मालन नदी की भेंट चढ़े क्षतिग्रस्त पुल का निरीक्षण किया। उन्होंने क्षेत्रवासियों को जल्द ही व्यवस्थओं को बेहतर बनाने का आश्वासन दिया। इस दौरान सतपाल महाराज ने बदरीनाथ रोड़ स्थित उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विशेष कार्याधिकारी राज भूषण सिंह रावत के दिवंगत पिता को श्रद्धांजलि देने उनके घर भी गये।
कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने गुरुवार को मालन नदी में क्षतिग्रस्त पुल का निरीक्षण किया। साथ विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि मालन नदी पर डायवर्जन का कार्य युद्ध स्तर पर चल रहा है। जिसे 4 अगस्त तक पूरा कर लिया जाएगा। महाराज ने जानकारी देते हुए बताया कि नदियों के चैनेलाइजेशन के लिए पूरी योजना बनाकर हाईकोर्ट जायेंगे। ताकि इस प्रकार की चुनौतियों से निपटा जा सके। कहा कि प्रदेश में अतिवृष्टि से कई सेतु को नुकसान पहुंचा है। महाराज ने कहा कि उन्होंने अधिकारियों को पूर्व में ही निर्देश दिये हैं कि सड़कों के अवरुद्ध होने की स्थिति में वैकल्पिक मार्गों को खोला जाए। कहा कि बरसात बंद होने के पश्चात तत्काल प्रदेश की सभी सड़कों को ठीक करने की कार्यवाही सुनिश्चित की जाये। इसके उपरांत सतपाल महाराज बदरीनाथ मार्ग स्थित उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विशेष कार्याधिकारी राज भूषण सिंह रावत के आवास पर भी पहुंचे। हाल ही में राज भूषण सिंह रावत के पिता का आकस्मिक निधन हुआ था। महाराज ने उनके दिवंगत पिता को श्रद्धांजलि दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *