नैनीताल(। कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि कैंचीधाम बाईपास मार्ग को 15 जून तक हर हाल में यातायात के लिए खोल दिया जाए। यदि 75 मीटर स्पान के पुल निर्माण में विलंब होता है तो अस्थायी वेली ब्रिज लगाकर मार्ग चालू किया जाए। सोमवार को विकास भवन में आयोजित कार्यक्रम में मंत्री ने लोक निर्माण विभाग की कुल पांच योजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया। इनमें ₹945.99 लाख की चार योजनाओं का शिलान्यास तथा ₹312.13 लाख की एक योजना का लोकार्पण शामिल है। कुल योजनाओं की लागत ₹1258.12 लाख है। समीक्षा बैठक में मंत्री ने कहा कि सरकार सड़कों की कनेक्टिविटी को लेकर गंभीर है। अब तक 14,027 गांवों को सड़क से जोड़ा जा चुका है। उन्होंने बढ़ते यातायात को देखते हुए प्रमुख सड़कों के चौड़ीकरण और गुणवत्ता युक्त निर्माण के निर्देश दिए। सिंचाई विभाग को क्षतिग्रस्त नहरों की मरम्मत, भीमताल-नौकुचियाताल नहर से अतिक्रमण हटाने और भू-कटाव रोकने के लिए प्रस्ताव तैयार करने को कहा गया। पंचायतीराज विभाग को कूड़ा निस्तारण की बेहतर व्यवस्था और पर्यटन विभाग को होम-स्टे में स्वच्छता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में विधायक सरिता आर्य, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दर्मवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट सहित अधिकारी व जनप्रतिनिधि रहे।