राजावाला में खैर के हरे पेड़ों पर चली आरियां

Spread the love

विकासनगर। देहरादून वन प्रभाग की झाझरा रेंज के राजावाला में खैर के हरे पेड़ों पर आरियां चलाकर अवैध कटान किए जाने का मामला सामने आया है। अवैध कटान के बाद अब कार्रवाई करने की बात वन विभाग के अधिकारी कर रहे हैं। हालांकि अधिकारी इस बात का जवाब नहीं दे पा रहे हैं कि रेंज मुख्यालय से कुछ ही दूरी पर अवैध कटान कर लकड़ी कैसे ले जाई गई। पछुवादून में हरे पेड़ों के अवैध कटान का सिलसिला बदस्तूर जारी है। इन दिनों खुद वन विभाग हरेला महोत्सव के तहत हरियाली बचाने के लिए पौधरोपण करने का दावा कर रहा है। लेकिन धरती पर पहले से मौजूद हरे पेड़ों पर आरियां भी वन विभाग की लापरवाही से ही चल रही हैं। ताजा मामला राजावाला आरक्षित वन क्षेत्र का है। यहां खैर के आठ हरे भरे पेड़ों का अवैध कटान किया गया। हैरानी की बात है कि झाझरा रेंज में खैर के हरे पेड़ों के अवैध कटान की यह दूसरी घटना है। इससे पूर्व मार्च में रमोला घाटी से खैर के दस पेड़ों पर आरियां चलाई गई थीं। उस समय भी वन विभाग के हाथ कुछ नहीं लगा और मामला ठंडे बस्ते में चला गया। पहला मामला ठंडा होते ही अब दोबारा आठ पेड़ों का अवैध कटान कर दिया गया है।
भाजपा पंचायत प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक यशपाल नेगी का कहना है कि खैर के आठ पेड़ों के अवैध कटान की जानकारी वन विभाग को तब मिली जब रविवार को गांव के कुछ युवक क्रिकेट खेलने मैदान में पहुंचे। युवाओं ने बताया कि मैदान किनारे खैर के आठ पेड़ काट दिए गए हैं। इसके बाद वन विभाग के अधिकारियों को सूचित किया गया। उधर, झाझरा रेंज की वन क्षेत्राधिकारी दीक्षा भट्ट का कहना है कि मौके पर जांच के लिए टीम भेजी गई थी। टीम ने अवैध कटान की पुष्टि की है। जल्द जांच शुरू कर दी जाएगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *