बहुद्देशीय शिविर में एसबीआई ने जरूरतमंदों को वितरित की सहायक सामग्री

Spread the love

अल्मोड़ा। अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज भिकियासैंण में आयोजित वृहद बहुउद्देशीय शिविर में भारतीय स्टेट बैंक की ओर से सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत विशेष पहल देखने को मिली। शिविर में एक ओर जहां आमजन और विद्यार्थियों को विधिक अधिकारों और निःशुल्क सहायता की जानकारी दी गई, वहीं दूसरी ओर एसबीआई ने जरूरतमंद लोगों के लिए उपयोगी सामग्री वितरित कर अपनी सामाजिक प्रतिबद्धता को मजबूत किया। शिविर में राष्ट्रीय और राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण की भूमिका, महिलाओं, बच्चों, ट्रांसजेंडर और वरिष्ठ नागरिकों के अधिकारों आदि की जानकारी दी गई। इसके साथ ही भारतीय स्टेट बैंक की ओर से जन-जागरूकता एवं स्वास्थ्य शिविर भी आयोजित किया गया, जिसमें स्थानीय लोगों की सक्रिय भागीदारी रही। क्षेत्रीय प्रबंधक कमल छाबड़ा के मार्गदर्शन और मानव संसाधन प्रबंधक अजय कुमार मिश्रा के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में एसबीआई भिकियासैंण शाखा ने कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के तहत 100 छड़ियां, 50 श्रवण यंत्र और 25 वाटर प्यूरीफायर जरूरतमंद लोगों को वितरित किए। इस पहल का उद्देश्य समाज के कमजोर वर्गों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना और उनके जीवन स्तर में सुधार लाना है। कार्यक्रम में बैंक अधिकारियों ने बताया कि एसबीआई समय-समय पर ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाता रहा है। स्वास्थ्य, शिक्षा और बुनियादी जरूरतों से जुड़े क्षेत्रों में बैंक की ओर से लगातार कार्य किए जा रहे हैं, जिससे दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सीधा लाभ मिल सके। शिविर के दौरान लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं और सुविधाओं की जानकारी भी दी गई। स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे उपयोगी बताया। इस अवसर पर बैंक की ओर से क्षेत्रीय प्रबंधक कमल छाबड़ा, मानव संसाधन प्रबंधक अजय कुमार मिश्रा, शाखा प्रबंधक दीप्ति, संजीव कुमार सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *