उत्तरकाशी)। तहसील और ब्लॉक मुख्यालय डुंडा में भारतीय स्टेट बैंक का एटीएम दो माह के अधिक समय से बंद पड़ा है। ऐसे में ग्रामीणों और यात्रियों को नकदी के लिए परेशान होना पड़ रहा है। बैंक अधिकारियों को कई बार अवगत कराने के बाद भी स्थिति जस की तस है। वहीं इन दिनों चुनाव डयूटी में तैनात कार्मिकों को भी खासी दिक्कत हो रही है। जिला मुख्यालय से महज 16 किमी. की दूरी पर स्थित तहसील मुख्यालय उुंडा में एसबीआई ने अपना एटीएम स्थापित किया है। लेकिन यह गत दो माह से बंद पड़ा है। जिससे चारधाम यात्रा पर आने वाले तीर्थ यात्रियों सहित तहसील एवं ब्लॉक कार्यालय में आने वाले धनारी, बरसाली व भंडास्यूं पट्टी के लोगों को नगदी के लिए दर-दर भटकना पड़ रहा है। स्थानीय निवासी सोना देवी, प्यारे लाल, भागेश अवस्थी ने बताया कि एटीएम बंद होने से लोगों को नगदी की परेशानी बनी है। 28 जुलाई को डुंडा में मतदान व 31 को कांउटिंग होनी है। यहां निर्वाचन कार्यो में लगे कर्मचारियों को नगदी की दिक्कत हो रही है। उन्होंने बताया कि कई बार बैंक के अधिकारियों एवं तहसील प्रशासन से शिकायत की। लेकिन उसके बाद भी अभी तक एटीएम सही नही हुआ है। उन्होंने जल्द ही एटीएम को सुचारू करने की मांग की है।