गढ़वाल विश्वविद्यालय में छात्रसंघ समारोह का भव्य आयोजन
जयन्त प्रतिनिधि।
श्रीनगर गढ़वाल : हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय, श्रीनगर गढ़वाल के बिड़ला परिसर में बुधवार को छात्रसंघ समारोह 2025-26 सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डॉ. धन सिंह रावत ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि छात्र संघ पदाधिकारियों ने उनसे विभिन्न मांगो पर अपनी बात रखी। उन्होंने विश्वविद्यालय को 2 बसें, 200 छात्र-छात्राओं के लिए छात्रावास बनाने, विश्वविद्यालय में स्वामी विवेकानंद की मूर्ति लगाने का आश्वासन दिया। उन्होंने 2 एकड़ भूमि मिलने पर श्रीनगर में साइंस सिटी बनाने की घोषणा की।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, विशिष्ट अतिथ्पिौड़ी विधायक राजकुमार पोरी ने दीप प्रज्वलन कर किया। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. श्रीप्रकाश सिंह ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि हम विश्वविद्यालय को राष्ट्रीय मंच पर प्रतिष्ठित करने के लिए कार्य कर रहे हैं। इस अवसर पर छात्रसंघ अध्यक्ष महिपाल बिष्ट, महासचिव अनुरोध पुरोहित, उपाध्यक्ष शिवांक नौटियाल, सहसचिव अभिषेक सिंह, छात्रा प्रतिनिधि विदिशा सिंह, विश्वविद्यालय प्रतिनिधि अनमोल सिंह जायड़ा, कोषाध्यक्ष आयुष वेदवाल, अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. ओ.पी. गुसाईं, विश्वविद्यालय के कुलसचिव अनीस-उल-जमा, मुख्य नियंता प्रो. दीपक कुमार, चौरास परिसर निदेशक प्रो. राजेंद्र सिंह नेगी, प्रो. मंजुला राणा, प्रो. डीएस नेगी, प्रो. भारती चौहान, प्रो. एचबीएस चौहान, डॉ. विजयकांत पुरोहित आदि मौजूद थे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. सुरेंद्र सिंह बिष्ट ने किया।