स्कूटी बस से टकराई, तीन युवक गंभीर घायल

Spread the love

रुद्रप्रयाग : परीक्षा देने कॉलेज जा रही दो छात्राओं ने स्कूटी सवार युवक से लिफ्ट ली। वह बदरीनाथ हाईवे पर नगरासू के पास पहुंचे ही थे कि स्कूटी बस से टकरा गई और हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया जहां से तीनों को हायर सेंटर श्रीकोट बेस अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहीं हादसे के बाद कुछ समय के लिए बदरीनाथ हाईवे पर यातायात बाधित रहा, जिसे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सामान्य कराया। तमन्ना (19) और सिमरन (19), निवासी गगोठू नगरासू दोनों कर्णप्रयाग महाविद्यालय में बीए की छात्रा हैं। वह मंगलवार को परीक्षा देने के लिए 16 किमी. दूर कॉलेज जा रही थीं लेकिन ब्रांच रूट पर वाहन नहीं मिला। तभी वहां से आशीष (23) निवासी नारायणबगड़ स्कूटी से जा रहे थे तो दोनों छात्राओं ने उनसे लिफ्ट ले ली। स्कूटी सवार बदरीनाथ हाईवे पर नगरासू के पास पहुंची ही थी तभी एक बस कर्णप्रयाग से हरिद्वार की ओर जा रही थी और स्कूटी से टकरा गई। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत रुद्रप्रयाग अस्पताल लाया गया। चिकित्सीय अधिकारी डॉ. कपिल ने बताया कि तीनों स्कूटी सवारों को गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को हायर सेंटर श्रीकोट बेस अस्पताल रेफर कर दिया गया। (एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *