अल्मोड़ा()। अल्मोड़ा-हल्द्वानी हाईवे पर स्थित क्वारब डेंजर जोन में रविवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। पहाड़ी से गिरे विशाल बोल्डर की चपेट में आने से स्कूटी सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि एक बालिका को भी चोट आई है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार दोपहर करीब तीन बजे क्वारब क्षेत्र में जाम लगा हुआ था। जाम खुलने के बाद जैसे ही वाहनों की आवाजाही शुरू हुई, अचानक पहाड़ी से भारी बोल्डर नीचे आ गिरा, जो एक स्कूटी पर जा लगा। हादसे में स्कूटी सवार 40 वर्षीय भगवत राम गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी तेज थी कि स्कूटी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इसी दौरान बोल्डर से टूटकर निकले पत्थर का एक टुकड़ा पास से गुजर रही बाइक पर बैठी एक बालिका के सिर पर लगा, जिससे उसे भी हल्की चोट आई। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल भगवत राम को तत्काल बेस चिकित्सालय अल्मोड़ा पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल युवक को हायर सेंटर रेफर किया गया है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी स्थिति फिलहाल स्थिर है। बताया जा रहा है कि क्वारब क्षेत्र में इन दिनों दरकती पहाड़ी के उपचार का कार्य चल रहा है। स्थानीय लोगों ने घटना के बाद पहाड़ी मार्गों पर सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने की मांग उठाई है, ताकि इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके। वहीं कांग्रेस जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज ने घटना को गंभीर बताते हुए कहा कि क्वारब क्षेत्र में लगातार भूस्खलन और पत्थर गिरने की घटनाएं हो रही हैं, लेकिन स्थायी समाधान के लिए ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं। उन्होंने घायल को निःशुल्क उपचार और आर्थिक सहायता देने के साथ ही क्षेत्र में भू-वैज्ञानिक सर्वे कराकर स्थायी सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने की मांग की है। साथ ही जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने पर भी जोर दिया और चेतावनी दी कि शीघ्र कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन किया जाएगा।