जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : जिले में सड़क दुर्घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही है। आये दिन सड़क दुर्घटना के मामले प्रकाश में आ रहे है। बुधवार को थलीसैंण के स्योली-पैठाणी मोटर मार्ग पर एक स्कूटी अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। हादसे में महिला की मौत हो गई। जबकि बेटा सुरक्षित है।
बुधवार को स्योली तल्ली निवासी यशपाल सिंह अपनी मां देवेश्वरी देवी को स्कूटी में बैठाकर पैठाणी किसी कार्य से जा रहा था। इसी दौरान स्योली बाजार के कुछ दूरी पर ही स्कूटी अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। घटना की सूचना पर स्थानीय लोगों ने रेस्क्यू अभियान चलाया। दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पैठाणी भर्ती कराया गया। जहां डाक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। अस्पताल के प्रभारी चिकित्साधिकारी डा. अंकित धीमान ने बताया कि हादसे में देवेश्वरी देवी पर बाहरी चोटें नहीं थी। लेकिन उनकी हादसे के दौरान हार्ट अटैक से मौत हो गई है। जबकि यशपाल सिंह पर मामूली चोटे आई हैं।