लगातार बढ़ रहा पारा, झुलसा रही तेज धूप

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार: तेज धूप व बढ़ रही गर्मी ने आमजन प्रभावित कर दिया है। रविवार को कोटद्वार में तापमान 37 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अगले कुछ दिनों में गर्मी अपना भीषण रूप दिखा सकती हैं। गर्मी से निजात के लिए पर्यटक व क्षेत्रवासी खोह नदी में नहाते हुए नजर आए। बाजार में भी क्षेत्रवासियों की कम भीड़ दिखाई दी।
पिछले कुछ दिनों से गर्मी अपना भीषण रूप दिखाने लगी है। एक सप्ताह पहले अधिकतम 33 डिग्री रहा तापमान रविवार को 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। जबकि, न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भीषण गर्मी के कारण लोगों का घरों से बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया है। सुबह से ही चिलचिलाती धूप लोगों के शरीर को जला रही है। यही कारण है कि बाजार में भी लोगों की बहुत कम संख्या दिखाई दे रही है। शाम के समय धूप कम होने के बाद ही लोग घरों से बाहर निकल रहे हैं। वहीं, गर्मी के कारण ठंडे पेयजल पदार्थो की बिक्री भी बढ़ गई है। शहर में जूस की दुकानों पर पर्यटकों की काफी भीड़ नगर आ रही है। लोग गर्मी से बचने के लिए तरह-तरह के प्रयोग कर रहे हैं।

विद्युत कटौती कर रही परेशान
भीषण गर्मी में घटों हो रही विद्युत कटौती शहरवासियों को परेशान कर रही है। पिछले कुछ दिनों से शाम के समय दो-दो घंटे तक बिजली गुल हो जा रही है। क्षेत्रवासी महेंद्र कुमार, नीरज सिंह ने बताया कि बिजली जाने के बाद लोगों का घर के कमरे में रहना भी मुश्किल हो गया है। विद्युत कटौती से घर के कई कार्य प्रभावित हो रहे हैं। क्षेत्रवासियों ने शासन-प्रशासन से विद्युत कटौती पर लगाम लगाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *