एसडीएम ने कार्यदायी संस्था को थमाएं नोटिस

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : शहर के अलग-अलग वार्डों में पेयजल पाइप लाइन स्थापित करने के लिए खोदी गईं सड़कें दुरुस्त नहीं करने पर उपजिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था के प्रोजेक्ट मैनेजर को नोटिस जारी किया है। पन्द्रह दिन के अंदर सड़कें दुरुस्त नहीं होने पर कार्रवाई की संस्तुति करने की चेतावनी दी है।
एसडीएम कार्यालय से शनिवार को उत्तराखंड अरबन सेक्टर डेवलपमेंट एजेंसी (यूयूएसडीए) के प्रोजेक्ट मैनेजर को नोटिस जारी किया गया है। स्पष्ट किया गया है कि गाड़ीघाट में निरीक्षण के दौरान उन्हें कई जगह सड़कें ध्वस्त मिलीं थीं। आमजन को आवागमन में परेशानी उठानी पड़ रही है। दूरभाष पर सात दिन के भीतर सड़क निर्माण कर लेने के आश्वासन के बावजूद स्थिति जस की तस है। कई क्षेत्रों में शुरुआत से अब तक सड़कें ध्वस्त पड़ी है। नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि डीएम के निर्देशों की भी लगातार अनदेखी की जा रही है। एसडीएम ने 15 दिन के भीतर सड़कों का निर्माण कर पहले की स्थिति में लाने के निर्देश दिए। साथ ही कार्य पूर्ण नहीं करने पर कार्रवाई की संस्तुति डीएम से करने की चेतावनी दी है।

कांग्रेस ने दी आंदोलन की चेतावनी
कांग्रेस नेता रंजना रावत ने कार्यदायी संस्था के ढुलमुल रवैये से आमजन को हो रही परेशानी के लिए सीधे तौर पर क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों की अनदेखी को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि शहरवासी पिछले कई महीनों से विकट समस्या से जूझ रहे हैं और विधायक एवं मेयर को कुछ नजर नहीं आ रहा। उन्होंने जनप्रतिनिधियों को दो टूक कहा कि जल्दी ही जनसमस्या से आमजन को निजात नहीं मिली, तो कांग्रेस इसके खिलाफ आंदोलनात्मक कदम उठाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *