नगर निगम की ओर से खोह नदी के तट पर संचालित किया जा रहा ट्रेंचिंग ग्राउंड
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार: ट्रेंचिंग ग्राउंड का कूड़ा खोह नदी में गिरने पर उपजिलाधिकारी प्रमोद कुमार ने नगर निगम को नोटिस थमाया है। नोटिस में दस दिन के भीतर व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके बाद भी यदि नगर निगम लापरवाही दिखाता है तो उसके खिलाफ नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) के तहत कार्रवाई की जाएगी।
कोटद्वार नगर निगम बनने के बाद जनता को बेहतर विकास की उम्मीद थी। लेकिन, नगर निगम व्यवस्थाओं में भी सुधार नहीं कर पा रहा है। हालत यह है कि गाड़ीघाट खोह नदी के तट पर आबादी के बीच संचालित हो रहे ट्रेंचिंग ग्राउंड की दीवार ढहने के बाद कूड़ा नदी में गिर रहा है। कुछ दिन पूर्व क्षेत्र का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी डा.आशीष चौहान ने निगम की कार्यप्रणाली पर नाराजगी व्यक्त की थी। उन्होंने उपजिलाधिकारी को मामले में नगर निगम को नोटिस भेजने के निर्देश दिए। उपजिलाधिकारी प्रमोद कुमार ने बताया कि खोह नदी से कई मवेशी पानी पीते हैं। ऐसे में उन्हें संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा बना हुआ है। नगर निगम एनजीटी के नियमों का उल्लंघन कर रहा है। नोटिस में दस दिन के भीतर व्यवस्थाओं में सुधार नहीं करने पर कार्रवाई की भी चेतावनी दी गई है। वहीं, नगर आयुक्त अजहर अली ने कहा कि 13 जुलाई को नदी उफान पर आने के बाद ट्रेंचिंग ग्राउंड की दीवार ढह गई थी। व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने का प्रयास किया जा रहा है।