एसडीएम ने किया आपदा प्रभावित रौली गांव का निरीक्षण, बांटी राहत राशि

Spread the love

 

जयन्त प्रतिनिधि।
थलीसैंण : तहसील थलीसैण के अन्तर्गत ग्राम रौली में 20 जुलाई 2023 की रात्रि बादल फटने से प्रभावित ग्राम रौली का उपजिलाधिकारी थलीसैंण श्रेष्ठ गुनसोला ने स्थलीय निरीक्षण कर आपदा से हुई क्षति का जायजा लिया। इस दौरान एसडीएम ने आपदा से प्रभावित व्यक्तियों को आपदा राहत मानकों के अनुसार राहत राशि के चैक वितरित किये।
भूस्खलन के कारण कुल 57 परिवारों की 3.640 हैक्टेयर कृषि भूमि क्षतिग्रस्त हुई है। प्रभावित किसानों को 2,89,440.00 रूपये राहत सहायता के चैक वितरित किये गये हैं। इसके अतिरिक्त 01 छोटे दुधारू पशु /बकरी की मृत्यु होने पर पशुस्वामी चन्दन सिंह पुत्र इन्द्र सिंह को 4000.00 रूपये अनुग्रह अनुदान एवं 02 पक्के आवासीय भवनों को आशिक क्षति पर भवन स्वामी आनन्द सिंह पुत्र कल्याण सिंह एवं सतेसिंह पुत्र जवाहर सिंह को 6500.00 रूपये प्रति परिवार की दर से कुल रूपये 13000.00 रूपये गृह अनुदान चैक के माध्यम से वितरित किये गये। क्षतिग्रस्त पैदल रास्तों को अस्थायी रूप से मरम्मत कर आवागमन योग्य बना दिया गया है, जिससे ग्रामवासी एवं उनके मवेशी आवाजाही कर रहे हैं। बगवाडी के समीप क्षतिग्रस्त पुल के स्थान पर लोनिवि द्वारा 30 मीटर स्पान का वैली ब्रिज तैयार किया जा रहा है, जिसकी सामग्री मौके पर पहुंच गई है। अधिशासी अभियन्ता लोनिवि बैजरो ने बताया कि तीन सप्ताह में पुल बनकर तैयार हो जायेगा। इस अवसर पर प्रभारी तहसीलदार थलीसैण आनन्द पाल, क्षेत्रीय राजस्व निरीक्षक भीम सिंह असवाल, राजस्व उप निरीक्षक जितेन्द्र सिंह, ग्राम पंचायत प्रधान रौली एवं अन्य ग्रामवासी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *