जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : क्षेत्र के एक पेट्रोल पंप में नियमों की अनदेखी पर उपजिलाधिकारी संदीप कुमार ने नाराजगी व्यक्त की। इस दौरान उपजिलाधिकारी ने क्षेत्र के सरकारी सस्ता गल्ला की दुकान में भी छापेमारी की। साथ ही प्रतिष्ठान स्वामियों को सुधार की चेतावनी दी।
उपजिलाधिकारी संदीप कुमार स्टेशन रोड स्थित एक पेट्रोप पंप में पहुंचे। पेट्रोल पंप पर चार नोजल थे, जिनमें दो पेट्रोल व दो डीजल के थे। निरीक्षण के दौरान पेट्रोल पंप में बिना हेलमेट वाले दुपहिया वाहन चालकों को पेट्रोल दिया जा रहा था। यही नहीं, बोतल में पेट्रोल दिए जाने पर उपजिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की। कहा कि पेट्रोल पंप में व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए। शौचालयों की भी समय-समय पर सफाई करते रहे। इसके उपरांत उपजिलाधिकारी ने सिताबपुर रोड स्थित सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान का भी निरीक्षण किया। गल्ले में रेट लिस्ट भी चस्पा नहीं की गई थी। पंजिका में दो कुंतल 58 किलो गेहूं के सापेक्ष 20 किलो गेहूं कम पाया गया। वहीं, इसी रोड पर एक दुकान बंद पाई गई। उपजिलाधिकारी ने बताया कि इस संबंध में जिलाधिकारी को रिपोर्ट भेजी जाएगी।