*महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ के हैं माओवादी*
संबलपुर , ओडिशा में वामपंथी उग्रवाद के खिलाफ जारी अभियान को, रविवार के दिन उस समय बड़ी कामयाबी मिली, जब डिवीजनल कमेटी मेंबर नकुल समेत 11 हार्डकोर माओवादियों ने कालाहांडी जिला में पुलिस और सुरक्षा बलों के सामने अपने हथियार डाल दिए।
कालाहांडी जिला मुख्यालय भवानीपटना स्थित रिजर्व पुलिस लाइंस परिसर में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में डीजीपी योगेश बहादुर खुरानिया, एडीजी (एंटी-नक्सल ऑपरेशंस) संजीव पंडा, दक्षिण- पश्चिमांचल आईजी डॉ. कंवर विशाल सिंह, स्पेशल इंटलीजेंस विंग के डीआईजी अखिलेश्वर सिंह, कालाहांडी जिला एसपी नागराज देवरकोंडा और अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की उपस्थिति में इन माओवादियों ने समाज के मुख्यधारा में लौटने और अमन चैन की जिंदगी गुजारने का संकल्प लिया।
आत्मसमर्पण करने वाला हार्डकोर माओवादी नेता नकुल मूल रूप से महाराष्ट्र का निवासी है और उस पर 22 लाख रुपये का इनाम था, जबकि बाकी 10 सदस्य छत्तीसगढ़ के रहने वाले हैं।
इन माओवादियों ने एक एके-47, एक इंसास राइफल, चार एसएलआर और अन्य हथियारों समेत भारी मात्रा में गोला-बारूद पुलिस को सौंपा है।
आत्मसमर्पण करने वालों में एक डिवीजनल कमेटी मेंबर के अलावा पांच एरिया कमेटी मेंबर और 5 सक्रिय सदस्य शामिल हैं, जिन पर कुल 63.25 लाख रुपये का इनाम घोषित था।