बरसात से पहले बनाई जाएं सुरक्षा दीवार

Spread the love

भाबर क्षेत्र के वाशिंदों ने मुख्यमंत्री को भेजा पत्र
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार: भाबर क्षेत्र के वाशिंदों ने खोह, मालन व सुखरो नदी के किनारे बाढ़ सुरक्षा दीवार बनवाने की मांग की है। कहा कि सुरक्षा दीवार नहीं होने से नदियों के किनारे लगातार भू-कटाव होता जा रहा है। ऐसे में बरसात से पूर्व बाढ़ सुरक्षा दीवार बनाना आवश्यक है।
समस्या के संबंध में भाबरवासियों ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा। बताया कि क्षेत्र में खोह, मालन व सुखरो नदी के आसपास बड़ी आबादी रहती है। ऐसे में बरसात के दौरान नदियां उफान पर आने से आबादी क्षेत्र से सटी भूमि पर कटाव शुरू हो जाता है। दो वर्ष पूर्व बरसात के समय आबादी क्षेत्र में पानी भी घुस गया था। जिससे परिवारों को भारी नुकसान हुआ। कहा कि पूर्व में अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों ने जल्द ही बाढ़ सुरक्षा दीवार बनवाने का आश्वासन दिया था। लेकिन, अब तक धरातल पर कोई काम नहीं हुआ। ऐसे में परिवारों को अब भी बाढ़ का खतरा बना हुआ है। कहा कि परिवारों के हित को देखते हुए बरसात शुरू होने से पूर्व बाढ़ सुरक्षा दीवार का निर्माण करवाया जाना चाहिए। इस मौके पर मदन सिंह नेगी, प्रेम कुमार, मोनिका देवी, पुष्पा नेगी, अर्चना रावत आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *